सिख, पंजाब रैफरैंडम की सामग्री व 2 पिस्तौलों सहित 3 काबू

बटाला, 2 जून (काहलों, वनीत गोयल) : पुलिस जिला बटाला द्वारा एस.एस.पी. स. उपिंदरजीत सिंह घुम्मन की अगुवाई में पंजाब रैफरैंडम 2020 की सामग्री और दो पिस्तौलों व अन्य सामान सहित तीन नौजवानों को गिरफ्तार किया गया है। आज इस संबंधी एस.एस.पी. कार्यालय में आई.जी. बार्डर रेंज एस.पी.एस. परमार ने पत्रकारों को बताया कि पुलिस द्वारा सिख रैफरैंडम 2020, पंजाब 2020 खालिस्तान जिंदाबाद, स्प्रे पेंट और दो पिस्तौल (30 व 32 बोर) सहित गिरफ्तार किए यह नौजवान पंजाब के शांत माहौल को खराब करने और पंजाब की जवानी को गुमराह करके गलत दिशा देने के लिए सोशल मीडिया व पोस्टरों के माध्यम से प्रचार करने के लिए सरगर्म थे। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए नौजवानों में शामिल धर्मिंदर सिंह उर्फ कमांडो (21) पुत्र सर्बजीत सिंह गांव हरपुरा पुलिस थाना बटाला जोकि टैरीटोरियम आर्मी (युनिट 105 टी.ए. राजपूतानां राइफल) नई दिल्ली में नौकरी करता है और कृपाल सिंह (26) पुत्र करनैल सिंह वासी फतेहपुर नवां पिंड थाना वल्टोहा, तरनतारन को  धर्मिंदर सिंह के घर हरपुरा धंदोई से मुकदमा नं. 46 तिथि 31/5/2018 धारा 307, 438, 427, 148, 149 आई.पी.सी. थाना रंगड़ नंगल के तहत गिरफ्तार किया गया था, जिसमें इन्होंने शराब के ठेके को आग लगाई थी। इनके पास से 2 पिस्तौल 30 व 32 बोर बरामद हुए थे। इनके तीसरे साथी रविंदर सिंह उर्फ राजा पुत्र साधू सिंह वासी दौलतपुर थाना कादियां को टी प्वाइंट पंजगराइयां दौलतपुर रोड से गिरफ्तार किया है, जिसने 40 दिन पहले धर्मिंदर को हथियार मुहैया करवाए थे। आई.जी. एस.पी.एस. परमार ने बताया कि इन नौजवानों को विदेशों से सिख फार जस्टिस द्वारा फंड मुहैया करवाया जाता है ताकि पंजाब की जवानी को गुमराह करके शांत माहौल को खराब किया जा सके।   उन्होंने कहा कि आज कल चल रहे घल्लूघारा सप्ताह दौरान ऐसे लोग नौजवानों को गलत कदम उठाने के लिए उत्साहित करते हैं जिनसे पंजाब की जवानी को सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने नौजवानों को अपील की कि वो किसी तरह के गुमराहपूर्ण प्रचार से दूर रहें।  आई.जी. परमार ने बटाला पुलिस की कारगुजारी की प्रशंसा की। इस अवसर पर उनके साथ एस.एस.पी. उपिंदरजीत सिंह घुम्मन भी मौजूद थे।