मतभेदों को भूलो और 2019 के युद्ध की तैयारी करो : सुखबीर

नई दिल्ली, 6 जून (भाषा): राजग को ‘युद्ध जैसी स्थिति’ की तरह मज़बूत करने की वकालत करते हुए शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि अगले वर्ष आगामी चुनावों में जीत सुनिश्चित करने के लिए सभी सहयागी दलों को अपने मतभेद भूला देने चाहिएं।  सुखबीर की टिप्पणी शिवसेना द्वारा 2019 के चुनाव अकेले लड़ने की धमकी के बीच आई है। इससे पहले तेदेपा ने राजग का साथ छोड़ दिया था। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह कल चंडीगढ़ में सुखबीर और शिअद के संरक्षक प्रकाश सिंह बादल से मुलाकात करने वाले हैं।  सुखबीर ने  कहा, ‘यह युद्ध जैसी स्थिति है ... अगले वर्ष आम चुनाव होने वाले हैं और हमें राजग को मज़बूत करने की जरूरत है और आगामी चुनावों में जीतने के लिए अपने मतभेदों को भूला देना चाहिए।’ सुखबीर के मुताबिक भाजपा और शिअद ‘नैसर्गिक सहयोगी’ हैं। उन्होंने कहा, ‘यह लेन-देन वाला संबंध नहीं है।’