अपने मन की बात मानती हूं राशि बावा 

खूबसूरत और बहुप्रतिभाशाली अभिनेत्री राशि बावा सब के ‘जीजाजी छत पर हैं’ में सुनीता का किरदार निभाती नजर आ रही हैं। सुनीता एक प्यारी और नेकदिल लड़की है, जोकि इलायची की शरारतों में हमेशा उसकी साथी होती है। सुनीता आंख मूंदकर इलायची की बातों को मानती है और उसके द्वारा की गई शरारतों में बराबर की भागीदार होती है। इस शो में राशि के किरदार के बारे में उनसे हुई बातचीत के कुछ प्रमुख अंश यहां प्रस्तुत हैं: 
 * सुनीता कौन है? अपनी भूमिका के बारे में बतायें?
—मेरा किरदार सुनीता नाम की लड़की का है, जोकि प्यारी, मासूम और इलायची की पक्की सहेली है। सुनीता और इलायची साथ-साथ बड़ी हुई हैं, दोनों के बीच बहुत ही गहरा रिश्ता है और उन्हें कोई अलग नहीं कर सकता। सुनीता अपनी सबसे प्यारी सहेली को बहुत प्यार करती है, क्योंकि वह उसके जैसी बनना चाहती है। वह इलायची के माता-पिता को अपने पेरेंट्स की तरह मानती है। वह इलायची की शरारतों में बराबर की हिस्सेदार होती है और इलायची जैसा करने को कहती है वह वैसा ही करती है। 
* आपने इस भूमिका की तैयारी कैसे की?
—एक कलाकार के तौर पर यह मेरा पहला शो है और इसके लिये मैंने बहुत तैयारियां नहीं की। चूंकि, सुनीता एक प्यारी, चुलबुली लड़की है, जो ज्यादा सोचती नहीं है, वह वही करती है जैसा उससे कहा जाता है। मैं बस अपनी मन की बात मानती हूं। मैं खुद को उसकी जगह पर रखने की कोशिश करती हूं और उसकी तरह सोचती हूं। जब भी मैं उस दृश्य में होती हूं, तो मैं अपने आपको सहज स्थिति में रखती हूं और उसी तरह व्यवहार करती हूं।
* वास्तविक जीवन में सुनीता का किरदार आपसे कितना जुड़ा हुआ है?
—सुनीता और राशि वाकई एक-दूसरे से बेहद अलग हैं। वास्तविक जीवन में मैं काफी भोली हूं, लेकिन इस शो में अपने किरदार जितना नहीं। सुनीता एक ऐसा किरदार है, जिसे जैसा बोला जाता वह उस तरह से जीती है, लेकिन जब राशि की बात आती है, वह एक स्वतंत्र लड़की है और वह अपनी-अपनी शर्तों पर जीती है। 
* आप खाली समय में क्या करना पसंद करती हैं?
—खाली समय में आमतौर पर मैं लिखती हूं, पेंट करती हूं या पढ़ती हूं। मुझे आर्ट से जुड़ी सारी चीजें पसंद हैं और मैं अपना खाली समय खुद के साथ बिताना पसंद करती हूं। ऐसी चीजें करना पसंद करती हूं, जो मुझे अच्छी लगती हैं।          

                               -पाखी