भारत के साथ बुनियादी समझौते से अतिरिक्त रक्षा सहयोग की रूपरेखा तय हो सकेगी : अमरीका 

वॉशिंगटन, 8 जून (भाषा): ट्रंप प्रशासन ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच दो बुनियादी समझौतों पर हस्ताक्षर होने से दोनों देशों के बीच अतिरिक्त एवं दीर्घकालिक रक्षा सहयोग की रूपरेखा तैयार हो सकेगी। राजनीतिक  सैन्य मामलों की प्रधान उप सहायक विदेश मंत्री टीना कैदानो हाल में नई दिल्ली में थी। उन्होंने इन समझौतों के बारे में भारतीय अधिकारियों से बातचीत की।  उन्होंने कहा, ‘जिन बुनियादी समझौतों पर हम आगे बढ़ाना चाहते हैं, उन पर इस दिशा में काम करना जरूरी है। प्रोद्यौगिकी सुरक्षा पर अपने प्रयासों को जारी रखना जरूरी है। यह इसलिए आवश्यक है क्योंकि ये चीजें अतिरिक्त और दीर्घकालिक सहयोग की रूपरेखा तैयार करेंगे, चाहे यह अंतरिक्ष से संबंधित हो या फिर किसी अन्य चीज से। ’ कैदानो ने कहा कि अमेरिका इस क्षेत्र के देशों के साथ चिरस्थायी और दीर्घकालिक संबंध बनाना चाहता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि ये बुनियादी समझौते उन समझौतों की तरह ही हैं जो अमेरिका अपने साझेदारों और मित्रों के साथ आमतौर पर करता है। उन्होंने कहा,‘हम चाहते हैं कि भारत उस समूह में हो। इसमें बेहतरी आई है। हमने संकेत दिए हैं कि अब अमरीका के लिए भारत प्रमुख रक्षा सहयोगी है। हम भारत के साथ भी वही चीजें करना चाहते हैं जो हम कुछ अन्य देशों के साथ कर रहे हैं।’’