ब्रिटेन की महारानी के जन्म दिन के मौके पर परेड में पगड़ीधारी सिख पहली बार शामिल

लंदन, 9 जून (मनप्रीत सिंह बद्धनी कलां): ब्रिटेन की महारानी एलीज़ाबेथ के जन्म दिन के मौके पर आयोजित ‘ट्रूपिंग दि कलर’ समारोह में हिस्सा लेने वाले सिख सैनिक चरणप्रीत सिंह लाल पहले पगड़ीधारी सिख सैनिक हैं। 22 वर्षीय चरणप्रीत सिंह इस समारोह में मार्च करने वाले 1000 सैनिकों में से एक हैं। चरणप्रीत सिंह पंजाब के जन्मे हैं और छोटी आयु में ही यूके चले गए थे। वह यहां लैस्टर शहर के रहने वाले हैं। उन्होंने कहा कि इस मार्च में दस्तार सजा कर हिस्सा लेना और पहला सिख व्यक्ति बनना उनके लिए मान की बात है। चरणप्रीत सिंह ने कहा कि, ‘मैं उम्मीद करता हूं कि मेरी तरह और लोग न केवल सिख बल्कि अन्य धर्मों वाले भी सेना में शामिल होने के लिए प्रेरित होंगे।’ पंजाबियों के लिए यह खुशी की बात है। चरणप्रीत सिंह 2016 में ब्रिटिश आर्मी में भर्ती हुआ था। उल्लेखनीय है कि महारानी एलिज़ाबेथ द्वितीय अपना असली जन्म दिन अप्रैल महीने में मना चुकी हैं और यह उनका सरकारी तौर पर जन्म दिन मनाया गया है। इस रैजिमैंट का गठन 18वीं शताब्दी में हुआ था और राजगद्दी के बारे के जन्मदिन के मौके पर इस रैजिमैंट के सिपाहियों द्वारा परेड में हिस्सा लेने का ऐलान 1748 को किया गया था।