छेत्री ने मेस्सी की बराबरी की, भारत ने कीनिया को 2-0 से हराकर इंटरकांटिनेंटल कप जीता

मुंबई, 10 जून (भाषा) : कप्तान सुनील छेत्री के दो गोल की बदौलत भारत ने आज यहां मुंबई फुटबाल एरेना में फाइनल में कीनिया को 2-0 से हराकर इंटरकांटिनेंटल कप फुटबाल टूर्नामेंट का खिताब जीत लिया। छेत्री इसके साथ ही सर्वाधिक गोल करने वाले सक्रिय फुटबाल खिलाड़ियों की सूची में अर्जेन्टीना के महान खिलाड़ी लियोनल मेस्सी के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुंच गए। इन दोनों खिलाड़ियों के नाम पर अब 64 अंतरराष्ट्रीय गोल दर्ज हैं।  छेत्री ने आठवें मिनट में भारत को बढ़त दिलाई और फिर 29वें मिनट में एक और गोल दागकर मेस्सी की बराबरी कर ली। अपने 102वें अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे 33 साल के छेत्री से अधिक गोल सक्रिय खिलाड़ियों में सिर्फ पुर्तगाल के सुपरस्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने किए हैं। उनके नाम पर 150 मैचों में 81 गोल दर्ज हैं। छेत्री और मेस्सी हालांकि सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय गोल करने वाले खिलाड़ियों की सर्वकालिक सूची में संयुक्त रूप से 21वें स्थान पर हैं।