पद्म पुरस्कारों के लिए 1200 से अधिक नामांकन


नई दिल्ली 12 जून (वार्ता): विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिये जाने वाले पद्म पुरस्कारों के लिए अभी तक 1200 से अधिक नामांकन किये जा चुके हैं और नामांकन प्रक्रिया 15 सितम्बर तक चलेगी। इन पुरस्कारों की घोषणा गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर की जाती है और बाद में राष्ट्रपति भवन में एक समारोह में हस्तियों को इन सम्मानों से नवाजा जाता है। पद्म पुरस्कारों के लिए  केंद्रीय मंत्रालयों/विभागों, राज्य/केंद्रशासित प्रदेश सरकारों, भारत रत्न और पद्म विभूषण से विभूषित हस्तियों, उत्कृष्टता संस्थानों तथा कई अनेक स्रोतों से नामांकन आमंत्रित किए जाते हैं। गृह मंत्रालय ने गत 25 अप्रैल को इन पुरस्कारों के लिए दावेदारों के नामांकन करने का अनुरोध किया था और यह प्रक्रिया एक मई से शुरू की गयी थी। नामांकन/सिफारिशें केवल ऑनलाइन माध्यम से भेजी जा सकती हैं। कोई भी नागरिक स्वयं के नामांकन सहित किसी अन्य के नाम की सिफारिश कर सकता है। पद्म पुरस्कारों में पद्म विभूषण, पद्म भूषण तथा पद्म श्री सर्वोच्च नागरिक सम्मान हैं। इनकी शुरूआत 1954 में की गयी थी। पुरस्कार  कला, साहित्य, शिक्षा, खेल, चिकित्सा, सामाजिक कार्य, विज्ञान , इंजीनियरिंग, लोक कार्य, सिविल सर्विस, व्यापार तथा उद्योग आदि क्षेत्र में विशिष्ट और असाधारण उपलब्धियों  के लिए दिए जाते हैं।