जम्मू में पाकिस्तान विरुद्ध प्रदर्शन

जम्मू , 13 जून (भाषा) : जम्मू कश्मीर में सीमा पर कल रात भर की गयी अकारण गोलीबारी में सीमा सुरक्षा बल के चार जवानों के शहीद होने की घटना के बाद जम्मू शहर के विभिन्न हिस्सों में कई राजनीतिक दलों और संगठनों ने आज पाकिस्तान विरोधी प्रदर्शन किये। यहां एक्जबिशन ग्राउंड में जम्मू कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अध्यक्ष हर्ष देव सिंह की अगुवाई में प्रदर्शन किया।  सिंह ने जोर देकर कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पाकिस्तान को अलग थलग करने की जरूरत है , जिससे उसकी घृणित गतिविधियों पर रोक लगायी जा सके। उन्होंने भाजपा की अगुवाई वाली राजग सरकार पर हमला करते हुए आरोप लगाया कि केंद्र पाकिस्तान से प्रभावी रूप से निपटने में नाकाम रहा है।  उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तान सीमा से लगे इलाकों एवं भीतरी इलाकों में आतंकी गतिविधियां चला रहा है और केंद्र मूकदर्शक बना हुआ है क्योंकि उसका पूरा ध्यान अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव जीतने पर है।