कुएं से मिट्टी निकालते समय ढेरी गिरने से दबकर किसान की मौत 

बटाला, 14 जून (काहलों, वनीत गोयल) : निकटवर्ती गांव दुनिया संधू में कुएं में से मिट्टी निकालते समय ढेरी गिरने से दबकर किसान की मौत हो गई। आज सुबह लगभग साढे आठ बजे किसान सतिंदर सिंह (57) पुत्र बलवंत सिंह अपने खेतों में एक कुएं में जाकर अंदर से मिट्टी निकाल रहा था कि अचानक मिट्टी की एक बड़ी ढेरी ऊपर से उस पर आ गिरी, जिसके नीचे किसान सतिंदर सिंह आ गया। आसपास के किसानों ने उसे निकालने के लिए कई प्रयास किए। दो जे.सी.बी. मशीनें मंगवाई गईं, लेकिन तीन घंटे की मशक्कत के उपरांत मिट्टी के नीचे से किसान को निकाला गया। उसे 108 एंबुलैंस द्वारा अस्पताल ले जाने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन सतिंदर सिंह दम तोड़ चुका था। इस संबंधी मोहन सिंह, दलबीर सिंह पूर्व सरपंच, दीदार सिंह, सरपंच चरण सिंह, भगवन सिंह, जसबीर सिंह फौजी आदि ने सरकार से मांग की कि पीड़ित परिवार को मुआवजा दिया जाए।