रेडियो संचालक हरनेक सिंह सिख पंथ से निष्कासित

अमृतसर, 14 जून (राजेश कुमार) : श्री अकाल तख्त साहिब में पांच सिंह साहिबान की हुई आज बैठक में रेडियो संचालक हरनेक सिंह पुत्र सोहन सिंह को सिख पंथ से निष्कासित करने का आदेश सुनाया गया। साथ ही इस बैठक में सिख कौम से संबंधित अन्य गंभीर मामलों पर भी विचार किया गया। इस बैठक में श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी गुरबचन सिंह के अलावा तख्त श्री दमदमा साहिब के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह, तख्त श्री पटना साहिब के जत्थेदार ज्ञानी इकबाल सिंह, तख्त श्री केसगढ़ साहिब के जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह तथा श्री अकाल तख्त साहिब के हैड ग्रंथी मलकीत सिंह मौजूद थे।  बैठक उपरान्त पत्रकारों से बातचीत करते हुए श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी गुरबचन सिंह ने कहा कि विरसा नामक रेडियो को चलाने वाले हरनेक सिंह द्वारा गुरबाणी व सिख इतिहास को तोड़मरोड़ कर पेश किया गया था जिससे सिख संगतों के मनों को भारी ठेस पहुँची है। उन्होंने कहा कि उक्त व्यक्ति को 3 बार श्री अकाल तख्त साहिब में अपना स्पष्टीकरण देने के लिए कहा गया था लेकिन उसके द्वारा हर बार आदेश का तिरस्कार किया गया, जिसके बाद आज पांच सिंह साहिबानों ने गहन विचार विमर्श करने के उपरान्त हरनेक सिंह को पंथ से निष्कासित करने का फैसला किया है। सिंह साहिब ने कहा कि उक्त व्यक्ति के साथ किसी भी प्रकार को राजनीतिक, धार्मिक व सामाजिक संबंध न रखा जाये। साथ ही उन्होंने सिख संगतों को इसके द्वारा चलाये जा रहे विरसा नामक रेडियो को बंद करवाने के लिए भी कहा है।  ऐतिहासिक समाधों पर श्री अखंड पाठ साहिब रखवाये जाने संबंधी आ रही शिकायतों पर बोलते हुए सिंह साहिब ने कहा कि इस संबंधी शिरोमणि कमेटी के सहयोग से एक जांच कमेटी का गठन जल्द किया जायेगा। उन्होंने कहा कि इस कमेटी में धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि व बुद्धिजीवियों को शामिल किया जायेगा जो विवादित समाधों की जांच करके उसकी रिपोर्ट सौंपेगी।  ग्रंथी सिंहों के उत्थान पर गंभीर होते हुए ज्ञानी गुरबचन सिंह ने कहा कि ग्रंथी सिंह गुरु साहिबान के वजीर हैं और इनको पूरा सत्कार देना प्रत्येक का कर्त्तव्य भी है। उन्होंने शिरोमणि कमेटी को कहा कि वे ग्रंथी सिंह के उत्थान के लिए भरसक प्रयास करें और उनको उचित सेवा फल प्रदान किया जाये ताकि वह अपना और अपने परिवार का सही तरीके से भरण पोषण कर सकें।  पावन स्वरूपों की बेअदबी की घटनाओं को लेकर सख्त होते हुए सिंह साहिब ने कहा कि इन घटनाओं को रोकने के लिए संबंधित गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटीयां और ग्रंथी सिंह ज़िम्मेदारी से कार्य करें। प्रत्येक गुरुद्वारा साहिब में सीसीटीवी कैमरे व सुरक्षाकर्मी को तैनात किया जाये। उन्होंने एक गांव एक गुरुद्वारा अभियान को सफल बताते हुए कहा कि इस अभियान में सिख संगतों का भरपूर सहयोग मिल रहा है। सिंह साहिब ने सिख कौम के समस्त प्रचारकों को आपसी वैर विरोध व लड़ाई को खत्म करके एक मंच पर एकत्रित होकर सिख कौम की चढ़ती कला के लिए कार्य करने के लिए भी प्रेरित किया।