प्रियंका चोपड़ा के बारे में निक जोनास ही बताएंगे: केविन 

लॉस एंजिलिस , 15 जून (भाषा) : ऐसी खबरें हैं कि अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा गायक निक जोनास को डेट कर रही हैं। हालांकि गायक ने इन खबरों के बारे में कुछ भी नहीं कहा है लेकिन उनके भाई का कहना है कि अभिनेत्री बेहद अच्छी हैं। भारतीय अभिनेत्री और गायक को कई मौकों पर साथ देखा गया है। प्रियंका हाल ही में निक के रिश्तेदार की शादी में निक के डेट के तौर पर शामिल हुई थीं। अटलांटिक सिटी में उन्होंने हाथों में हाथ डाले तस्वीरें भी खिंचवाई थी।  जब निक जोनास के भाई केविन से ई ! न्यूज ने पूछा कि क्या वह पहली बार प्रियंका चोपड़ा से मिले हैं तो उन्होंने कहा , ‘‘ आपको इस बारे में निक से पूछना चाहिए। हम पहले भी मिल चुके हैं। वह बेहद अच्छी हैं। लेकिन निक के बारे में तो वही बता सकता है। ’’ अभिनेत्री (35) और निक जोनास (25) की डेटिंग की खबरें इस महीने की शुरुआत से आने लगी थीं। दोनों ने राल्फ लॉरेन डिजाइन में 2017 में साथ में रेड कार्पेट पर फोटो खिंचवाई थी। हालांकि न तो अभिनेत्री ने और न ही गायक ने अपने संबंध के बारे में कोई टिप्पणी की है।