धोनी एनसीए में एकांत में कर रहे हैं अभ्यास

बेंगलुरु, 18 जून (भाषा) : दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुनौतियों से निपटने के लिए एकांत में अभ्यास करना पसंद करते है और भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी भी कोई अपवाद नहीं है जो लोगों की नजरों से दूर इंग्लैंड दौरे से पहले राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में नेट पर पसीना बहाते हुए देखे गये। सचिन तेंदुलकर भी अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के आखिरी के कुछ वर्षों में मुंबई के ब्रांद्रा कुर्ला परिसर में खुद ही अभ्यास करते थे और एनसीए में धोनी का अभ्यास सत्र भी कुछ ऐसा ही है। उन्होंने सैकड़ों गेंदों का सामना किया जिसमें से लगभग 70 प्रतिशत थ्रो-डाउन से की गई थी। धोनी ने 15 जून को एकदिवसीय टीम के खिलाड़ियों के साथ यो यो टेस्ट दिया था और दूसरे खिलाड़ियों के जाने के बाद भी वह यहां रूके रहे। धोनी आज राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में थ्रो डाउन विशेषज्ञ रघु और तेज गेंदबाज शारदुल ठाकुर के साथ यहां पहुंचे और लगभग अढ़ाई घंटे तक उन्होंने 18 गज की दूरी से थ्रो-डाउन पर अभ्यास किया। ठाकुर भी बीच बीच में गेंदबाजी करते रहे। लगातार दो घंटे अभ्यास करने के बाद धोनी ने छोटा साथ ब्रेक लिया और फिर से अभ्यास में जुट गये। इस दौरान सिद्धार्थ कौल यहां आ गये और उन्होंने भी पूर्व भारतीय कप्तान को गेंदबाजी की। थ्रो-डाउन में धीरे-धीरे गेंद की गति बढ़ाई गई और इस दिग्गज ने शॉर्ट गेंद तथा बैक लेंथ गेंदों का समाना किया। उन्होंने कुछ गेंदों को रक्षात्मक तरीके से खेला तो कुछ का सामना उन्होंने आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़कर किया।