राजनाथ द्वारा जम्मू कश्मीर की स्थिति की समीक्षा

नई दिल्ली, 19 जून (वार्ता): केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने भारतीय जनता पार्टी के जम्मू कश्मीर में गठबंधन सरकार से अलग होने के बाद आज यहां एक उच्चस्तरीय बैठक में राज्य की मौजूदा स्थिति पर विचार-विमर्श किया। श्री सिंह ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, केन्द्रीय गृह सचिव राजीव गौबा और कुछ अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ राज्य के हालात और सुरक्षा की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की। भाजपा के समर्थन वापस लेने के बाद मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने पद से इस्तीफा दे दिया है।  सूत्रों के अनुसार बैठक में राज्य में राज्यपाल शासन लगाने की संभावनाओं पर भी विचार किया गया। गृह मंत्रालय के सूत्रों ने कहा है कि राज्यपाल से रिपोर्ट मिलने के बाद ही राज्यपाल शासन के बारे में किसी तरह का निर्णय लिया जायेगा। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद भी तीन देशों की यात्रा पर हैं। उनका आज सूरीनाम पहुंचने का कार्यक्रम है।