5 करोड़ की हैरोइन व लाखों की नकदी सहित एक गिरफ्तार

लुधियाना, 22 जून (सुनील) : नाईजीरिया से हैराइन लाकर लुधियाना में बेचने वाले एक आरोपी को एस.टी.एफ. दस्ते ने काबू किया है। आरोपी एक ब्लैरो जीप में हैरोइन छुपा कर ले जा रहा था। पुलिस ने आरोपी से हैरोइन बरामद कर उसके खिलाफ पर्चा दर्ज कर लिया है। आरोपी की पहचान पवन कुमार निवासी मुहल्ला ढिल्लों नगर है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर तीन का पुलिस रिमांड हासिल किया है जिस दौरान उससे पूछताछ की जा रही है। मामले की जानकारी देते हुए एस.टी.एफ. के इंचार्ज हरबंस सिंह ने बताया कि उनको सूचना था कि हैरोइन की तस्करी करने वाला एक आरोपी सक्रिय है। इसी के चलते उनकी पार्टी ने ढाबा के इलाका आजाद नगर में नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान वहां से एक ब्लैरो जीप निकल रही थी, जिसको रोक कर तलाशी ली गई तो उसमें से 1 किलो ग्राम हैरोइन बरामद हुई। हरबंस सिंह ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में बताया है कि वह नाईजीरिया से हैरोइन लेकर दिल्ले के रास्ते लुधियाना आता था। यहां पर वह लुधियाना के साथ लगते गांवों में नशा करने वाले युवकों को मंहगे भाव में हैरोइन बेच कर बड़ा लाभ कमाता था। पुलिस पार्टी ने आरोपी के बताए ठिकाने पर 1 लाख 70 हजार रुपए बरामद किए है जोकि उसने हैरोइन बेच कर कमाए थे। हरबंस सिंह के मुताबिक आरोपी का तीन दिन का पुलिस रिमांड है। इस दौरान आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि उसके लुधियाना में और कौन से साथी है जिनके जरिए वह हैरोइन की सप्लाई करता है। हरबंस सिंह ने बताया कि आरोपी का आपराधिक रिकार्ड भी खंगाला जा रहा है।