‘आप’ बना अलगाववादियों व नक्सलियों का फ्रंट : कमल शर्मा

चंडीगढ़, 25 जून (वार्ता): भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई के पूर्व अध्यक्ष एवं पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य कमल शर्मा ने कहा है कि आम आदमी पार्टी (आप) के नेता सुखपाल सिंह खैहरा के बाद पार्टी से निलंबित सांसद धर्मवीर गांधी की ओर से राष्ट्रीय एकता और अखंडता के खिलाफ दिए गए बयानों की निंदा करते कहा है कि यह पार्टी अलगाववादियों का फ्रंट बन गयी है। 
श्री शर्मा ने आज यहां कहा कि विपक्ष के नेता सुखपाल सिंह खैहरा द्वारा रेफरेंडम 2020 का समर्थन करने के बाद अब पार्टी के निलंबित सांसद श्री गांधी ने अलग देश की मांग को संवैधानिक बताया है। उन्होंने कहा कि देश के विभाजन की बात करना या इसको समर्थन देना सीधा-सीधा देशद्रोह है और राज्य सरकार को दोनों नेताओं के  विरुद्ध देश द्रोह का मुकद्दमा दर्ज करना चाहिए। भाजपा नेता ने कहा कि श्री गांधी अलग देश की जिस मांग को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता बता रहे हैं वह भी तथ्यात्मक रूप से गलत है। यह दंडनीय अपराध हैं। श्री खैहरा की पृष्ठभूमि अलगाववादियों से जुड़ी रही है और श्री गांधी का संपर्क नक्सलियों से रहा है। आप पार्टी और इसके नेताओं का चरित्र शुरू से ही संदेहास्पद रहा है। इसके सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल अपने आप को अराजकतावादी कहने में गर्व महसूस करते हैं और दिल्ली में गणतंत्र दिवस समारोह पर सवाल उठा चुके हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले आप के नेता विदेशों में बैठे अलगाववादियों से चंदा उगाहते रहे हैं और खालिस्तानी आतंकियों के घर में रूकते थे। श्री खैहरा अलगाववादियों तथा संदिग्ध लोगों द्वारा छेड़े गए रेफरेंडम 2020 अभियान का समर्थन कर चुके हैं। संभव है कि यह सारा खेल विदेशी ताकतों के इशारों पर खेला जा रहा हो। श्री शर्मा ने राज्य सरकार से आप पार्टी तथा इसके नेताओं की गतिविधियों पर कड़ी नज़र रखने की मांग की।