भारत जिम्बाब्वे को हरा बना डयूबॉल चैम्पियन

ऊना, 27 जून (हरपाल सिंह) : डयूबॉल फैडरेशन ऑफ  इंडिया के तत्वाधान में हिमाचल प्रदेश डयूबॉल संघ द्वारा ऊना के इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय छठी राष्ट्रीय डयूबॉल प्रतियोगिता एवं भारत-जिम्बाब्वे अंतर्राष्ट्रीय डयूबॉल सीरिज सम्पन्न हो गई। पंजाब की टीम पुरुष व महिला दोनों वर्गों में राष्ट्रीय चैम्पियन बनी, जबकि भारत ने भारत-जिम्बाब्वे महिला व पुरूष दोनों वर्गों की सीरिज भी अपने नाम की। इस प्रतियोगिता में देश भर की 29 पुरुष तथा 24 महिला टीमें के लगभग सात सौ खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के समापन कार्यक्रम में प्रदेश भाजपाध्यक्ष एवं हिमाचल प्रदेश डयूबॉल संघ के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की तथा विजेता टीमों को सम्मानित किया। इस मौके पर राष्ट्रीय डयूबॉल फैडरेशन ने सतपाल सिंह सत्ती को डयूबॉल फैडरेशन ऑफ  इंडिया का चेयरमैन नियुक्त करने की घोषणा भी की। प्रतियोगिता के महिला वर्ग में चंडीगढ़ दूसरे तथा दिल्ली की टीम तीसरे स्थान पर रही, जबकि पुरूष वर्ग में गोवा की टीम दूसरे तथा महाराष्ट्र की टीम तीसरे स्थान पर रही। इसके अलावा भारत-जिम्बाब्वे सीरिज में भारत के खिलाड़ी प्रज्ज्वल को बेस्ट प्लेयर, जिम्बाब्वे के सिंबा को बेस्ट डिफेंडर तथा भारत के ही रमेश सहानी को बेस्ट गोलकीपर, जबकि महिलाओं के वर्ग में भारत की गगनदीप कौर को बेस्ट प्लेयर, जिम्बाब्वे की वनिशा को बेस्ट डिफेंडर तथा भारत की ही मेघना को बेस्ट गोलकीपर का ईनाम दिया गया।