श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाशोत्सव संबंधी दिल्ली से देश भर में सजाया जाएगा विशाल नगर कीर्तन : मनजीत सिंह


अमृतसर, 29 जून (जसवंत सिंह जस्स) : प्रथम पातशाही श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाशोत्सव के संबंध में दिल्ली सिख गुरु प्रबन्धक कमेटी द्वारा अन्य सिख संस्थाओं के सहयोग से गुरुद्वारा साहिब द्वारा मानवता की भलाई, सांझीवालता, पर्यावरण व महिला सशक्तिकरण आदि सम्बन्धी महान शिक्षाओं का प्रचार करने के लिए दिल्ली से पूरे देश में विशाल नगर कीर्तन सजाया जाएगा व हिन्द-पाक सीमा पर ज़ीरो लाईन पर एक कीर्तन दरबार करवाने की भी योजना बनाई जा रही है, जिसके लिए देश के सम्बन्धित मंत्रालय से जल्द सम्पर्क किया जाएगा।
उक्त विचार आज यहां दिल्ली सिख गुरु. प्रबन्धक कमेटी के मनजीत सिंह जी.के. ने आज यहां पत्रकारों से बातचीत करते हुए व्यक्त किए। उन्होंने बताया कि 550वें प्रकाशोत्सव पर्व को लेकर दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबन्धक कमेटी द्वारा शिरोमणि गु. प्र. कमेटी और अन्य सिख संस्थाओं के सहयोग से विशेष समारोह करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सजाए जाने वाला नगर कीर्तन दिल्ली से आरम्भ होकर देश के प्रत्येक उस राज्य या शहर में जाएगा, जहां पर श्री गुरु नानक देव जी ने अपने चरण रखे तथा वहां अब गुरुद्वारा साहिब सुशोभित हैं। उन्होंने कहा कि इस नगर कीर्तन को श्री ननकाना साहिब व गुरु साहिब से सम्बन्धित पाकिस्तान स्थित अन्य गुरुधामों तक लेकर जाने के लिए भी दोनों सरकारों से सम्पर्क किया जाएगा। स. जी.के. ने कहा दिल्ली कमेटी द्वारा 16 वर्ष से कम आयु के बड़ी संख्या में सिख बच्चों को गुरु साहिब की शिक्षाओं सम्बन्धी अच्छी तरह से परिचित करवा कर उनको आगे प्रचार व प्रसार के लिए ‘अम्बैसडर आफ गुरु नानक’ बनाया जाएगा। उन्होंने कहा 550वें प्रकाशोत्सव को समर्पित एक कीर्तन दरबार भी हिन्द-पाक सीमा पर करवाए जाने की भी योजना विचाराधीन है व इसके लिए देश के सम्बन्धित मंत्रालय से सम्पर्क किया जाएगा।
भारत सरकार से नाराज़ हैं विदेश रहते अधिकतर सिख : एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि वे खालिस्तान के समर्थक नहीं है, बल्कि भारतीय संविधान में आस्था रखते हैं। विदेशों में रहते सिखों की समस्याओं सम्बन्धी बातचीत करते हुए जी.के. ने कहा कि विदेशों में रहते अधिकतर सिख भारत में सिखों को इन्साफ न मिलने के कारण सरकार से नाराज़ हैं। लोकसभा चुनाव दिल्ली या पंजाब में लड़ने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि वह दिल्ली से ही चुनाव लड़ने के इच्छुक हैं, शेष पार्टी प्रधान सुखबीर सिंह बादल जो भी आदेश देंगे, उसके अनुसार किया जाएगा।
दिल्ली कमेटी द्वारा किए जाने वाले शताब्दी समारोह सम्बन्धी अमृतसर आ कर मीडिया को दी जानकारी : वर्णनीय है कि दिल्ली सिख गु. प्र. कमेटी के प्रधान मनजीत सिंह जी.के. ने दिल्ली कमेटी द्वारा 550वें प्रकाश पर्व को समर्पित किए जाने वाले समारोहों की रूप रेखा की जानकारी अमृतसर आकर यहां के मीडिया को दी। उन्होंने इन समारोहों को शिरोमणि कमेटी के सहयोग से मनाने की भी घोषणा की, परन्तु अमृतसर में होने के बावजूद शिरोमणि कमेटी के किसी पदाधिकारी, मुख्य सचिव या किसी अन्य वरिष्ठ अधिकारी को प्रैस कान्फ्रैंस में नहीं बुलाया गया।