प्रियंका ने निक का प्यारा-सा वीडियो सांझा किया 

ब्रासीलिया, 2 जुलाई (एजैंसी) : अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा यहां विलामिक्स फेस्टिवल में प्रस्तुति दे रहे गायक निक जोनस का हौसला बढ़ाती नजर आईं। अभिनेत्री ने संगीत कार्यक्रम का एक वीडियो क्लिप अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर भी साझा किया। क्लिप के साथ उन्होंने ‘हिम’ लिखा और दिल के आकार की आंखों वाले इमोजी को भी डाला है। वेबसाइट ‘पीपुल डॉट कॉम’ के मुताबिक, ब्राजील में शनिवार को मंच पर जोनस की प्रस्तुति देखते समय 35 वर्षीय अभिनेत्री ने दुनिया को जाहिर कर दिया कि वह गायक की प्रस्तुति के विषय में क्या सोचती हैं। जैसा कि दोनों ने इस सप्ताह की शुरुआत में अपने रिश्ते को इंस्टाग्राम पर आधिकारिक रूप से स्वीकार किया, ‘चेन्स’ गीत के गायक ने भी अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर प्रियंका का हंसते हुए, मुस्कुराते हुए वीडियो साझा किया और दिल के आकार की आंखों वाले इमोजी को भी डाला। उन्होंने क्लिप के साथ कैप्शन में लिखा, ‘हर’। प्रियंका हाल ही में मां मधु चोपड़ा से जोनस को मिलवाने के लिए गायक के साथ मुंबई आई थीं। इस जोड़े के एक करीबी सूत्र ने ‘पीपुल डॉट कॉम’ को बताया कि वे दोनों बेहद खुश हैं और दोनों का रिश्ता गहराता जा रहा है।