कांग्रेस ने हमेशा किसानों के साथ धोखा किया : मोदी

मलोट (श्री मुक्तसर साहिब), 11 जुलाई : हाल ही में केन्द्र सरकार द्वारा खरीफ की फसलों के कम से कम समर्थन मूल्य में की गई भारी वृद्धि पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का धन्यवाद करने के लिए अकाली-भाजपा गठबन्धन द्वारा मलोट में करवाई गई किसान-खेत मज़दूर धन्यवाद रैली में विशेष तौर पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पंजाब, हरियाणा तथा राजस्थान से आए बड़ी संख्या में किसानों तथा अकाली-भाजपा कार्यकर्ताओं के विशाल इकट्ठ को सम्बोधित करते, जहां फसलों में की गई वृद्धि को किसानों के हित में लिया गया बड़ा फैसला बताया, वहीं पंजाब के किसानों द्वारा देश के अनाज भंडार को भरने के लिए की गई कठिन मेहनत की भी भरपूर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि देश का अनाज भंडार भरने वाले पंजाब के किसानों के आगे मेरा सिर झुकता है। उन्होंने कहा कि पंजाबियों ने अपनी बहादुरी तथा दृढ़ता से देश पर आए हर संकट का आगे होकर सामना किया तथा पंजाबी जहां भी गए, उन्होंने अपनी मेहनत का लोहा मनवाया। भाषण की शुरुआत में उन्होंने दशम पिता श्री गुरु गोबिन्द सिंह की चरण स्पर्श प्राप्त भूमि तथा 40 मुक्तों को प्रणाम किया। इस मौके रैली को सम्बोधित करते हुए प्रकाश सिंह बादल ने फसलों के समर्थन मूल्य में की गई वृद्धि को ऐतिहासिक बताते जहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का धन्यवाद किया, वहीं यह भी कहा कि किसानों की बाजू पकड़ने वाले नरेन्द्र मोदी देश के पहले प्रधानमंत्री हैं। इससे पहले रैली को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल तथा पंजाब भाजपा के अध्यक्ष श्वेत मलिक ने भी सम्बोधित किया। इस मौके 5 किसानों ने पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का धन्यवाद करते, उनको ट्रैक्टर का माडल भेंट करके सम्मानित किया। श्वेत मलिक तथा सुखबीर सिंह बादल द्वारा उनको पगड़ी पहनाकर सत्कार दिया गया, जबकि केन्द्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने उनको तोहफा भेंट करते जी आयां कहा। इस मौके मंच पर केन्द्रीय राज्य मंत्री विजय सांपला, सांसद सुखदेव सिंह ढींडसा, बलविन्द्र सिंह भूंदड़, रणजीत सिंह ब्रह्मपुरा, प्रो. प्रेम सिंह चंदूमाजरा, भाजपा नेता तरुण चुघ, राजस्थान के मंत्री सुरिन्द्रपाल सिंह टीटी तथा हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष सुभाष बराला भी मौजूद थे। स्टेज संचालन सिकंदर सिंह मलूका ने किया। ढाडी जत्थों ने वारें पेश करके रैली में उपस्थित लोगों को गुरु इतिहास से जोड़ा। रैली में सख्त गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में किसान तथा अकाली-भाजपा कार्यकर्ताओं ने भारी जोश तथा उत्साह से शमूलियत की। मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते कहा कि कांग्रेस ने हमेशा किसानों के साथ धोखा किया है तथा लंबा समय किसानों को वोट बैंक के तौर पर प्रयोग करते रहे तथा लटकाए रखा। उन्होंने कहा कि फसलों के समर्थन मूल्य में अब की वृद्धि के बाद कांग्रेस की नींद उड़ गई है तथा तरह-तरह की अफवाहें फैला रही है। उन्होंने अपने भाषण में स. बादल को किसानों का सच्चा मसीहा बताते कहा कि उन्होंने हमेशा कृषि को लाभप्रद धंधा बनाने के लिए फसलों का सही मूल्य तथा मंडीकरण संबंधी आगे होकर आवाज उठाई। मोदी ने अपने भाषण में स. बादल की प्रशंसा की तथा कहा कि बादल ने उनका हमेशा मार्ग दर्शन किया है। श्री मोदी ने भाषण की शुरुआत तथा समाप्ति मौके बोले सो निहाल का जैकारा लगाया। उन्होंने मलोट को सफेद सोने की धरती बताते कहा कि कपास की पैदावार के लिए यह क्षेत्र मशहूर रहा है तथा यह हरियाणा तथा राजस्थान को भी जोड़ता है तथा यहां 3 राज्यों के किसानों का कुंभ लगा है। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष श्री गुरु नानक देव जी के 550वां प्रकाश उत्सव तहत पूरी दुनिया में मानवता की भलाई के रूप में मनाया जाए तथा हम भी संकल्प करते हैं कि इस धरती पर जो श्री गुरु नानक जी देखना चाहते थे, उनकी सोच वाले नए भारत का निर्माण करेंगे। मोदी लोक नायक : बादल : रैली को सम्बोधित करते हुए पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कहा कि नरेन्द्र मोदी दुनिया के सत्कारयोग्य नेता तथा लोक नायक हैं। बादल ने खरीफ की फसलों के समर्थन मूल्य में की गई बड़ी वृद्धि पर मोदी का धन्यवाद करते कहा कि उन्होंने किसानों की निराशा को आशा में बदला है तथा किसानों की बाजू पकड़ी है। बादल ने कहा कि वह दिल की गहराइयों से मोदी का धन्यवाद करते हैं, जिन्होंने इतना बड़ा फैसला लिया। बादल ने मोदी के अच्छे स्वास्थ्य, लंबी आयु तथा दोबारा प्रधानमंत्री बनने की कामना की। किसानों को बड़ा फायदा होगा : खट्टर : रैली को सम्बोधित करते हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भी नरेन्द्र मोदी द्वारा एम.एस.पी. सहित और किसान हित के लिए गए फैसलों की प्रशंसा करते कहा कि इससे देश की विकास दर बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि मोदी द्वारा एम.एस.पी. बढ़ाने संबंधी जो नया फार्मूला तैयार किया है, उससे किसानों को आने वाले समय में बड़ा फायदा होगा तथा लागत खर्चे बढ़ने से उस अनुसार फसलों का समर्थन मूल्य भी बढ़ता रहेगा। उन्होंने कहा कि मोदी ने जय जवान जय किसान के नारे को वास्तविक रूप में लागू किया। मोदी तरक्की के मसीहा : सुखबीर : रैली को संबोधित करते हुए पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने नरेन्द्र मोदी को तरक्की का मसीहा बताते हुए कहा कि देश को आज़ाद हुए 70 साल हो गए और 37 वर्ष गांधी परिवार ने शासन किया और 18 वर्ष कांग्रेस के अन्य नेता प्रधानमंत्री रहे पर किसानों की भलाई के लिए कभी भी किसी ने भी ध्यान नहीं दिया जबकि प्रकाश सिंह बादल ने हमेशा ही किसानों की मांगों को केन्द्र सरकारों के समक्ष उठाया और अकाली दल ने हमेशा उनकी मांगों के लिए संघर्ष किया। मोदी सरकार द्वारा फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में की गई भारी बढ़ोतरी की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि इससे किसानों को फसलों का उचित मूल्य मिलेगा। मोदी युग पुरुष : मलिक : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्वेत मलिक ने अपने भाषण में कहा कि आज प्रधानमंत्री गुरुओं, पीरों, शहीदों, पांच दरियाओं और किसानों की धरती पर आए हैं। उन्होंने मोदी को युग पुरुष और कर्मयोगी बताते हुए कहा कि वह लोगों के लिए 18-18 घंटे काम करते हैं और दुनिया के लोकप्रिय नेता बन गए हैं। रैली में विक्रम सिंह मजीठिया, दलजीत सिंह चीमा, जनमेजा सिंह सेखों, परमबंस सिंह बंटी रोमाणा, पवन टीनू, सर्बजोत सिंह साबी, कंवरजीत सिंह रोजी बरकंदी, हरप्रीत सिंह कोटभाई, मनजिन्द्र सिंह सिरसा, हरदीप सिंह डिम्पी ढिल्लों, मनतार सिंह बराड़, रविकरण सिंह काहलों, तेजिन्द्र सिंह मिट्ठू खेड़ा, अवतार सिंह वणवाला, वरदेव सिंह नोनी मान, भाई गुरचरन सिंह ग्रेवाल, चरनजीत सिंह बराड़, सुखविन्द्रपाल सिंह गरचा, परमजीत सिंह रायेपुर, नवतेज सिंह काऊणी, रणजीत सिंह राणा, राजेश गोरा पठेला, कुलदीप सिंह भंगेवाला, दिलबाग सिंह विर्क के अतिरिक्त अन्य नेता उपस्थित थे।