नशे ने ली दो और युवकों की जान

जंडियाला गुरु, 13 जुलाई (अमृतपाल सिंह) : पंजाब में बह रहे नशे के छठे दरिया को पंजाब सरकार रोकने में बिल्कुल नाकामयाब साबित हो रही है। नशे के इस बेलगाम दरिया में एक और नौजवान नशा लेते समय बह गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार आज जंडियाला गुरु के नजदीकी गांव मलिया के जी.टी. रोड पर बने गुरुद्वारा साहिब के बाथरूम में से एक नौजवान की लाश मिली। यह युवक बाथरूम में बैठकर नशे का इंजैक्शन लगा रहा था, पर इंजैक्शन लगाते समय वह सीरिंज भी अपनी बाजू की नस से बाहर नहीं निकाल सका। मृतक युवक के मुंह से भी खून निकल रहा था। गांव के लोगों द्वारा अमावस का लंगर लगाते समय,इस मृतक व्यक्ति की लाश का पता चला। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक युवक की  लाश बाथरूम से बाहर निकली। मिली जानकारी के अनुसार मृतक का नाम हिमाशु टांगरी था और वह जंडियाला गुरु के नजदीकी गांव गहरी मंडी का रहने वाला था।   पत्रकारों को जानकारी देते हुए एस.एस.पी. अमृतसर देहाती परमपाल ने बताया कि मैडीकल जांच के बाद ही पता चल सकेगा कि कौन से नशे का इस्तेमाल इस मृतक युवक द्वारा किया गया था। फिरोज़पुर, (तपिन्द्र सिंह) : फिरोज़पुर के नज़दीक पड़ते गांव गुलामी वाला में 20 वर्षीय जुझार सिंह नामक युवक की नशा करने से मौत हो गई है। आरिफ के थाना के तहत पड़ते गांव गुलामी वाला का निवासी भूपिन्द्र सिंह का लड़का जुझार सिंह जोकि नशे करने का आदी था। पुलिस अनुसार गत रात्रि ओवरडोज़ लेने के कारण उसको ़फरीदकोट मैडीकल कालेज में भर्ती करवाया गया था और जिसकी आज सुबह मौत हो गई।