गैंगस्टर दिलप्रीत सिंह का साथी गिरफ्तार

नंगल/ एस.ए.एस. नगर 13 जुलाई (अशोक चोपड़ा, जसबीर सिंह जस्सी) : प्रदेश वासियों के लिए दहशत का पर्याय बन चुके गैंगस्टार दिलप्रीत सिंह बाबा को बेशक पंजाब व चंडीगढ़ पुलिस ने संयुक्त आप्रेशन के दौरान गिरफ्तार कर राहत महसूस की हो, लेकिन बावजूद इसके आज भी उसके कई साथी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं जिन्हें पकड़ने के लिए पुलिस एड़ी-चोटी का जोर लगाए हुए है। गिरफ्तार दिलप्र्रीत सिंह बाबा की निशानदेही पर पुलिस और गिरफ्तारियां करने में जुटी हुई है। इसी कड़ी में पंजाब पुलिस की स्पैशल सैल टीम को सफलता मिली है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस केस को देख रही पुलिस की स्पैशल सैल की टीम ने नंगल के निकटवर्ती गांव भलाण में छापामारी कर इसी गांव के ही अरुण कुमार उर्फ सन्नी नामक युवक को गिरफ्तार किया है। अरुण कुमार उर्फ सन्नी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसको 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। उधर, पुलिस की एक पार्टी अरुण के यमुनानगर स्थित किराए के कमरे की तलाशी लेने के लिए निकल गई है। बेटे की गिरफ्तारी सही नहीं : उधर अरुण कुमार उर्फ सन्नी के पिता रजनीश कुमार का इस गिरफ्तारी को लेकर कहना है कि उसके बेटे की गिरफ्तारी सही नहीं है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी का कारण एक सिम बताया जा रहा है जोकि दिलप्रीत सिंह बाबा के पास से मिला है जोकि उनके बेटे अरुण का बताया जा रहा है।