जेएनयू कर्मचारी के नाम गिनीज बुक में चार रिकॉर्ड

नई दिल्ली, 15 जुलाई (भाषा) : जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के कर्मचारी विनोद कुमार केवल लेखा विभाग में अंकों का हिसाब ही नहीं रखते बल्कि टाइपिंग कौशल के लिए ‘गिनीज बुक रिकॉर्ड्स’ में उनके नाम चार रिकॉर्ड दर्ज हैं। इन रिकॉर्ड में उनका ताजा रिकॉर्ड मुंह में डंडी डालकर ए से जेड अंग्रेजी वर्णमाला लिखने का है। यह अद्भुत कारनामा उन्होंने केवल 17.69 सेकेंड में कर दिखाया है। कुमार ने कहा, ‘मैंने अपना पहला रिकॉर्ड वर्ष 2014 में बनाया था, जब मैंने अपनी नाक से 103 अक्षर 46.30 सेकेंड में लिखे थे। इस तरह लिखने के लिए लिया गया यह सबसे कम समय था।’ नांगलोई के रहने वाले कुमार का दूसरा रिकॉर्ड आंखे बंद कर अंग्रेजी वर्ण - माला को 6.71 सेकेंड में लिखने का था। तीसरा रिकॉर्ड उन्होंने एक उंगली से 29.53 सेकेंड में वर्ण-माला लिखकर बनाया।