अवैध कालोनियों को नियमित करने के लिए नई नीति : बाजवा


चंडीगढ़, 17 जुलाई (वार्ता) : पंजाब सरकार अवैध कलोनियों को नियमित करने के लिए बनाई गई नई नीति में कुछ तब्दीलियां करने के बाद सहमत हो गई है। अवैध कलोनियों को रेगुलर करने के लिए मंत्रियों के ग्रुप की कलोनाईजऱों के साथ बैठक हुई जिसकी अध्यक्षता आवास निर्माण और शहरी विकास मंत्री तृप्त राजिन्दर सिंह बाजवा ने की। बैठक में कुछ विधायक भी शामिल हुए। उन्होंने बाद में पत्रकारों से कहा कि अवैध कलोनियों को रेगुलर करने के लिए नई नीति के मसौदे को कुछ तब्दीलियों के साथ सहमति दे दी गई है। इस मसौदे को इसी सप्ताह मुख्यमंत्री के पास भेज दिया जायेगा जिसके बाद इसे मंत्रिमंडल की मंजूरी के लिए पेश किया जायेगा। श्री बाजवा ने बताया कि इस नीति को बनाते समय चुनाव घोषणापत्र में किये वादों को ध्यान में रखते हुए लोगों और कालोनाईजऱों को बड़ी राहत दी है। नई नीति बनाते समय सभी सबंधित पक्षों के हितों की रक्षा करना यकीनी बनाने का यत्न किया गया है। इस अवसर पर प्रॉपर्टी डीलर्स तथा कालोनाइजर्स एसोसिएशन ने नयी नीति का स्वागत करते हुये भरोसा दिलाया कि भविष्य में कोई भी कलोनाईजर अवैध तरीकों से कालोनी विकसित नहीं करेगा। बैठक में निकाय मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू, राजस्व मंत्री सुखबिन्दर सिंह सरकारिया,पशुपालन मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू, खाद्य आपूर्ति मंत्री भारत भूषण आशु, उद्योग मंत्री श्याम सुंदर अरोड़ा,लोक निर्माण मंत्री विजय इंदर सिंगला सहित विभिन्न विभागों के उच्चाधिकारी मौजूद थे।