तीन तलाक संविधान के खिलाफ : शबाना आज़मी

जौनपुर (उ.प्र.), 13 अगस्त (भाषा) : अभिनेत्री शबाना आजमी का कहना है कि तीन तलाक की व्यवस्था मुस्लिम महिलाओं के शोषण के लिए बनाई गई थी और यह हमारे संविधान के खिलाफ है। शबाना ने यहां मोहम्मद हसन डिग्री कॉलेज में आयोजित एक कार्यक्रम में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि तीन तलाक मुस्लिम औरतों का शोषण करने के लिए बनाया गया था। यह हमारे संविधान के खिलाफ है। ऐसे में सरकार ने जो कानून बनाया है उसका हम सब स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि आज पूरे विश्व में 50 से ज्यादा इस्लामी देशों में से 24 मुल्कों ने तीन तलाक को अपनी व्यवस्था से निकालकर बाहर फेंक दिया है और भारत में जो लोग इस पर प्रतिबंध का विरोध कर रहे हैं, वो गलत हैं। भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है और संविधान ने यहां सबको अपना हक लेने का अधिकार दिया है। देश में दुष्कर्म की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जाहिर करते हुए शबाना ने कहा कि निर्भया कांड के बाद देश की संसद ने दुष्कर्म की वारदात के खिलाफ कानून में बदलाव कर सख्त कानून बनाया था, मगर इसके बावजूद आज जिस तरह से देश में दुष्कर्म की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं, जो चिंता का विषय है।