भ्रष्टाचार के शेष दो मामलों में अदालत के समक्ष पेश हुए नवाज़

इस्लामाबाद, 13 अगस्त (भाषा) : पाकिस्तान के अपदस्थ प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ अपने परिवार के खिलाफ दर्ज भ्रष्टाचार के मामलों में सुनवाई के लिए एक जवाबदेही अदालत के समक्ष पेश हुए। शरीफ के जेल जाने के बाद से यह पहली बार है जब वह भ्रष्टाचार के शेष दो मामलों में किसी अदालत के समक्ष पेश हुए। शरीफ (68), उनकी 44 वर्षीय बेटी मरियम और दामाद कैप्टन (सेवानिवृत्त) मुहम्मद सफदर पहले से ही रावलपिंडी के अडियाला जेल में क्रमश: 10 साल, 7 साल और 1 साल कैद की सज़ा काट रहे हैं। लंदन में चार आलीशन फ्लैटों पर उनके परिवार के स्वामित्व को लेकर एक जवाबदेही अदालत ने 6 जुलाई को उन्हें दोषी ठहराया था। आज शरीफ को उच्च सुरक्षा वाली जेल से एक बख्तरबंद वाहन में न्यायाधीश अर्शद मलिक की जवाबदेही अदालत में लाया गया। मलिक भ्रष्टाचार के दो शेष मामलों-अल-अजीजिया स्टील मिल्स और हिल मेटल इस्टेब्लिशमेंट मामले की सुनवाई कर रहे हैं। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए और अधिकारियों ने अदालत परिसर में गैर-ज़रूरी लोगों के प्रवेश को प्रतिबंधित रखा। यहां तक की मीडिया को भी अदालत परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं थी।