शहीद औरंगज़ेब, मेजर आदित्य सहित 20 को शौर्य चक्र


नई दिल्ली, 14 अगस्त (एजैंसी) : राष्ट्रपति और तीनों सेनाओं के सर्वोच्च कमांडर रामनाथ कोविंद ने स्वतंत्रता दिवस पर सशस्त्र बलों और अद्धसैनिक बलों  के लिए 131 वीरता पुरस्कारों की घोषणा की है। राष्ट्रीय रायफल्स के सिपाही वृह्म पाल सिंह को मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित करने का ऐलान किया गया है। राष्ट्रपति ने 20 रणबांकुरों को शौर्य चक्र , तीन को सेना पदक बार वीरता, 93 को सेना पदक (वीरता), 11 को नौसेना पदक (वीरता) और तीन को वायु सेना पदक (वीरता) से सम्मानित करने की घोषणा की है। तीन रणबांकुरों को मरणोपरांत वीरता पुरस्कारों के लिए चुना गया है। जम्मू-कश्मीर लाइट इंफेन्ट्री के राइफलमैन औरंगजेब को भी शौर्य चक्र से सम्मानित किया जाएगा। उनकी आतंकवादियों ने छुट्टी के दौरान अगवा कर हत्या कर दी थी। मेजर आदित्य कुमार भी शौर्य चक्र से सम्मानित होंगे। कुमार उस वक्त विवादों में आ गए थे जब 27 जनवरी को उनकी यूनिट ने दक्षिण कश्मीर के शोपियां ज़िले में पथराव कर रही भीड़ पर गोली चला दी थी और उसमें तीन लोग मारे गए थे। इसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने घटना में शामिल सैन्य कर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। एक छोटी पॉल नौका आईएनएस तारिणी में समुद्र के रास्ते दुनिया का चक्कर लगाने के सहासिक अभियान को सफलतापूर्वक पूरा करने वाली नौसेना की छह अधिकारियों को भी वीरता पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। बीस शौर्य चक्र में से 14 सेना, एक नौसेना और पांच केन्द्रीय रिज़र्व पुलिस बल के रणबांकुरों को दिए गए हैं। नौसेना के कैप्टन  पी. राजकुमार को गत वर्ष दक्षिण भारत के तटवर्ती क्षेत्रों में ओखी चक्रवाती तूफान में फंसे लोगों को बचाने के अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम देने के लिए शौर्य चक्र के लिए चुना गया है। नौसेना की ले. कमांडर वर्तिका जोशी को नौसेना पदक (वीरता) के लिए चुना गया है। उन्होंने एक छोटी नौका में दुनिया का चक्कर लगाने के साहसिक अभियान का सफलतापूर्वक नेतृत्व किया। उनकी टीम की पांच अन्य सदस्यों को भी वीरता पुरस्कारों से सम्मानित किया जायेगा।