दुनिया भर से लाखों हज यात्री पहुंचे मक्का

मक्का, 18 अगस्त (एजैंसी) : सऊदी अरब में सालाना हज की शुरुआत रविवार को हो रही है और इसके लिए दुनिया भर से 16 लाख से ज्यादा हजयात्री यहां पहुंच चुके हैं। अब तक दुनिया भर से 16 लाख से अधिक लोग सालाना हज के लिए मक्का पहुंच चुके हैं। हर कोई कह रहा है, ‘‘लबैक अल्लाहुम्मा लबैक।’’ (अल्लाह तुम्हारी सदा पर मैं यहां हाजिर हूं। यहां हाजिर हूं।) मिस्र से आए इमाद अब्देल रहीम ने कहा, ‘‘हज करने के इस एहसास को मैं लफ्जों में बयां नहीं कर सकता।’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं सभी मुस्लिम देशों के लिए, फलस्तीन और बर्मा में रहने वालों के लिए, अफगानिस्तान और हिंदुस्तान में रहने वालों के लिए दुआ मांगना चाहता हूं। मक्का पहुंच रहे अलग अलग देशों के लोग अलग पहचान के लिए भिन्न भिन्न रंग के परिधान पहने हुए देखे जा सकते हैं। इसके बाद उनके लिबास बदल जाते हैं। मर्द बिना सिला सफेद लबादा पहनने लगते हैं जो खुदा के सामने बंदे की बराबरी दिखाता है। हज के लिए आईं औरतें ढीला ढाला लबादा पहनती हैं। वे आध्यात्मिक शुचिता और सादगी के लिए अपना बाल ढकती हैं और मेकअप तथा नेल पालिश से परहेज करती हैं। मक्का पहुंचने के बाद हज यात्री काबा का तवाफ करना शुरू करते हैं। काबा अल्लाह के घर और एक खुदा का एक रूपक है। दुनिया भर में मुसलमान इसकी तरफ मुंह कर के पांच वक्त की अपनी नमाज अदा करते हैं।  मक्का में इबादत के बाद हजयात्री अराफात पर्वत के इलाके में जाएंगे। यहीं पैगंबर मोहम्मद ने अपना आखिरी खुत्बा या प्रवचन दिया था। यहां से वे मुजदलिफा जाएंगे।