केरल में बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करें मोदी : राहुल

नई दिल्ली, 18 अगस्त (उपमा डागा पारथ) : कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने केरल में बाढ़ के कारण हुई तबाही को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग की है। श्री गांधी ने शनिवार को ट्वीट कर कहा,‘ प्रिय प्रधानमंत्री, कृपया बिना देरी किये केरल की बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करें। हमारे करोड़ों लोगों का जीवन, आजीविका और भविष्य दांव पर है।’ इससे पहले श्री गांधी ने एक ट्वीट कर श्री मोदी से बाढ़ प्रभावित केरल को विशेष मदद देने का अनुरोध किया था। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा,‘केरल बहुत दुख में है। मैंने प्रधानमंत्री से बात की है और उनसे सेना तथा नौसेना के जवानों की तैनाती बढ़ाने का अनुरोध किया है। मैंने उनसे कहा है कि यह संकटपूर्ण स्थिति है। राज्य के इतिहास में यह सबसे भयानक बाढ़ है इसलिए राज्य को विशेष मदद देनी चाहिए।’ राहुल गांधी ने कांग्रेस के सभी सांसदों तथा विधायकों से एक महीने का वेतन केरल के बाढ़ पीड़ितों को देने के लिए कहा।