फैडरेशन अध्यक्ष करनैल सिंह पीर मुहम्मद के घर शरारती तत्वों द्वारा फायरिंग

ज़ीरा, 20 अगस्त (अ.स.): आल इंडिया सिख स्टूडैंट्स फैडरेशन अध्यक्ष करनैल सिंह पीर मुहम्मद के घर के बाहरी गेट पर अज्ञात हथियारबंद लोगों द्वारा फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंधी जानकारी देते हुए भाई करनैल सिंह पीर मुहम्मद के पिता जत्थेदार गुरचरन सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि वह प्रात:काल गुरुद्वारा साहिब से वापस आए तो उन्होंने देखा कि कोठी के मुख्य गेट पर भारी मात्रा में गोलियां के निशान लगे हुए थे और गोलियों के छर्रे भी पड़े हुए थे। इसके बाद जब पड़ोसियों से जानकारी हासिल की तो हमारे घर के सामने रहते परिवार के पुरुष व महिला सदस्यों ने बताया कि रात को पटाखों की आवाज़ समझकर हमने ज्यादा ध्यान नहीं दिया। जत्थेदार गुरचरन सिंह ने कहा कि उनकी किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं और उनके दो बेटे करनैल सिंह पीर मुहम्मद अध्यक्ष आल इंडिया सिख स्टूडैंट्स फैडरेशन कई वर्षों से चंडीगढ़ में रहता है जबकि छोटा बेटा डिप्टी सुपरिटैंडैंट की कपूरथला जेल में ड्यूटी है। उन्होंने इस बात पर हैरानी जताई कि हमारे घर पर रात के समय फायरिंग करने वालों का उद्देश्य क्या हो सकता है। उन्होंने पुलिस के उच्चाधिकारियों से घटना की उच्चस्तरीय जांच करवाने की मांग की है। जब इस संबंधी एस.एच.ओ. हरिंदर सिंह के साथ सम्पर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि उनके घर के बाहर 12 बोर के निशान हैं और पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।