आरबीआई रिपोर्ट : नोटबंदी के दौरान बंद हुए 99 फीसदी नोट आए वापस

नई दिल्ली, 29 अगस्त - नई दिल्ली: रिजर्व बैंक ने बड़ा खुलासा किया है। रिजर्व बैंक ने अपनी वार्षिक रिपोर्ट में कहा है कि नोटबंदी के बाद 99.3 फीसदी नोट वापस बैंकों में जमा हो गए। 8 नवंबर के समय देश में 1000 और 500 के 15.4 लाख करोड़ नोट सर्कुलेशन में थे। इसमें से 15.3 लाख करोड़ नोट बैंकों में वापस जमा हो गए। इसका मतलब सिर्फ 10 हजार करोड़ रुपए बैंकों में वापस नहीं आए। रिजर्व बैंक ने नोटबंदी के 21 महीने के बाद ये जानकारी दी है। सरकार ने 8 नवंबर 2016 को कालेधन पर लगाम लगाने के लिए 1000 और 500 रुपए के नोट बंद कर दिए थे। रिजर्व बैंक ने इन नोटों की गिनती पूरी कर ली है। मार्च 2018 तक देश में बैंक नोट सर्कुलेशन 37.7 फीसदी बढ़ गया। नोट का वॉल्यूम भी 2.1 फीसदी बढ़ गया। मार्च 2018 तक 500 और 2000 के बैंक नोट का कुल करेंसी में 80.2 फीसदी हिस्सा है। साल 2017 में मार्च अंत तक इनका हिस्सा 72.7 फीसदी था। नोटबंदी के बाद सरकार ने डिजिटल ट्रांजैक्शन को बढ़ावा दिया। इसके बाद डिजिटल ट्रांजैक्शन में बढ़ोतरी देखी गई।