राहुल गांधी कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए रवाना, नेपाल पहुंचे

नई दिल्ली/काठमांडो, 31 अगस्त (भाषा) : कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी आज कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए रवाना हो गये। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि इस तीर्थयात्रा का उद्देश्य देश और जनता की समृद्धि और सफलता के लिए भगवान शिव का आशीर्वाद लेना है। यात्रा करीब 12 से 15 दिन तक चलेगी। उन्होंने कहा,‘शिव भक्त कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए रवाना हो गए हैं जहां वह भगवान शिव के वास स्थल कैलाश पर्वत और मानसरोवर की परिक्रमा करेंगे। यात्रा में करीब 12 से 15 दिन लगेंगे।
वहीं राहुल गांधी तिब्बत में कैलाश मानसरोवर तीर्थयात्रा पर आज यहां नेपाल की राजधानी पहुंचे। नेपाली मीडिया के अनुसार,कांग्रेस प्रमुख दोपहर करीब दो बजे काठमांडो हवाई अड्डे पर उतरे और एक होटल में चले गए। हिमालयन टाइम्स की खबर के मुताबिक,वह कल नेपालगंज जाने से पहले आज काठमांडो में ठहरेंगे। ऐसा माना जा रहा है कि वह कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए नेपाल के जरिए मानसरोवर जाएंगे।