कुकिंग फ्री रेलवे स्टेशन के आदेश को रेलवे प्रशासन ने लिया वापिस

बरनाला, 6 सितम्बर (विजय भंडारी, योगराज योगी) सुरक्षा के नाम पर गत मई महीने से रेलवे प्रशासन ने एक नादरशाही फरमान जारी करते हुए अंबाला मंडल (उत्तर रेलवे) में सभी कैटागिरी के रेलवे स्टेशनों पर कुकिंग फ्री प्लेटफार्म की घोषणा से सनसनी फैला दी थी। जिससे इस आदेश से रेल यात्रियों एवम रेलवे कैटरिंग ठेकेदारों और लाखों ही वैंडरों में हड़कंप मच गया था। इस फैसले के परिणाम स्वरूप यात्रियों को पैसा खर्च करने के बावजूद स्टेशन पर ठंडा/बासी खाना, ठंडे सनैक्स, ठंडे छोले-भटूरे, कुलचे और रेडीमेड चाय पीने के लिए मजबूर कर दिया गया था।  प्रैस को जानकारी देते हुए अंबाला डिवीजन वैडिंग कन्ट्रैक्टर एसो: अंबाला मंडल के अध्यक्ष के.एम कटियार, जनरल सैक्ट्री सुधीर अरोड़ा और को-कोआर्डीनेटर श्री अशोक कुमार सैनी ने बताया कि इस समस्या की गंभीरता को बड़ी संजीदगी से लेते हुए डी.आर.एम अंबाला मंडल (उत्तर रेलवे) डी.सी शर्मा, सीनियर डी.सी.एम अंबाला मैडम प्रवीण गौड द्विवेदी और डी.सी.एम बिमल कालड़ा ने रेलवे बोर्ड को अपने इस फैसले पर पुनर्विचार करते हुए कुकिंग फ्री प्लेटफार्म के आदेश को तुरंत कुछ शर्तों के साथ निरस्त करने संबंधित अपनी सिफारिशें व सुझाव भेजे। श्री अशोक सैनी ने बताया कि तत्पश्चात् अखिल भारतीय रेलवे खान-पान सेवा के अध्यक्ष रविन्द्र कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में एक शिष्टमंडल आदरणीय रेल मंत्री श्री पियूष गोयल, रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा, राज्य मंत्री विजय सांपला, सांसद अश्वनी शर्मा से मिला था। जहां एसो: के पदाधिकारियों ने अपनी समस्या बड़ी संजीदगी व दलीलों के साथ रेल मंत्री के सामने रखी। एसो: का पक्ष सुनने के बाद माननीय रेल मंत्री श्री पीयूष गोयल ने उनकी मांगों को स्वीकार करते हुए रेल यात्रियों, ठेकेदारों और वैंडरों को बहुत बड़ी राहत देते हुए समय की नजाकत और जरूरत को समझते हुए कुछ शर्तो के साथ देश के सभी रेलवे स्टेशनों पर गैस चलाने की अनुमति प्रदान कर दी।