पैट्रोल की कीमत के शतक लगाने से पहले मोदी की विकेट गिरनी ज़रूरी : जाखड़

अमृतसर, 9 सितम्बर (गगनदीप शर्मा) :  पैट्रोल-डीजल की कीमत में रोजाना वृद्धि होते देख ऐसा प्रतीत हो रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसी क्रिकेटर की तरह पैट्रोल की कीमत में शतक लगाने के लिए उतावले हुए पड़े हैं। लेकिन देश की भलाई के लिए पैट्रोल की कीमत के शतक लगने से पहले प्रधानमंत्री मोदी की विकेट गिरनी बहुत ज़रूरी हो गई है। प्रदेश कांग्रेस के प्रधान व गुरदासपुर से सांसद सुनील जाखड़ ने इन शब्दों का प्रगटावा आज अमृतसर में एक निजी होटल में पत्रकारों के रू-ब-रू होते हुए किया। उन्होंने कहा कि जितना समय डॉ. मनमोहन सिंह देश के प्रधानमंत्री रहे वह महंगा कच्चा तेल खरीद कर लोगों को सस्ता मुहैय्या करवाते रहे। अब जब कच्चे तेल की कीमतें कम भी है तो रोजाना पैट्रोल-डीज़ल महंगा क्यों हो रहा है? उन्होंने कहा कि गरीब व आम इंसान के अच्छे दिन तो नहीं आए लेकिन अंबानी, अडानी, नीवर मोदी, विजै मालिया और चौकसी जैसों के अच्छे दिन जरूर आ गए हैं। हमेशा गरीबों की बात करने वाले प्रधानमंत्री श्री मोदी का दिल गरीबों की बजाए अमीरों के लिए धड़कने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि एक वीडियो में श्री मोदी यह कह रहे हैं कि देश के नसीब अच्छे हैं जो देश को उन जैसा प्रधानमंत्री मिला। उन्होंने कहा कि नसीब देश के नहीं बल्कि मोदी के अच्छे हैं। कभी हकूमतें नसीबों के साथ नहीं चलतीं इन्हें चलाने के लिए डॉ. मनमोहन सिंह जैसे महान अर्थशास्त्री चाहिए होते हैं। सोमवार 10 सितम्बर को ‘भारत बंद’ के आह्वान बारे बात करते हुए श्री जाखड़ ने कहा कि पहले प्रकाश पर्व को मुख्य रखते हुए अमृतसर में बंद का कोई असर नहीं पड़ेगा। 
यह बंद केंद्र सरकार की बुरी कार्यगुजारी और दिन-ब-दिन बढ़ रही महंगाई के खिलाफ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बहिबल गोली कांड में जो रिपोर्ट जस्टिस रंजीत सिंह द्वारा दी गई है उसके तहत बादल परिवार खिलाफ कार्यवाही जरूर होनी चाहिए। उन्होंने सुखबीर सिंह बादल की बजाए सुखबीर सिंह इन्सा के नाम पर संबोधन करते हुए कहा कि उन्होंने भी डेरे से नामदान लिया था और बाबा गुरमीत सिंह राम रहीम एम.एम.जी-2 फिल्म में उनका पैसा भी लगा था। इस मौके पर लोक सभा सदस्य गुरजीत सिंह औजला, कैबिनट मंत्री ओम प्रकाश सोनी, सुखबिंदर सिंह सुखसरकारीया, विधायक सुनील दत्ती, तरसेम सिंह डी.सी, डॉ. राज कुमार वेरका, हरप्रताप सिंह अजनाला, सुखविंदर सिंह डैनी बंडाला, प्रदेश कांग्रेस की महिला प्रधान ममता दत्ता, जिला शहरी प्रधान जुगल किशोर शर्मा, जिला देहाती प्रधान भगवंतपाल सिंह सच्चर, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सुखजिंदरराज सिंह लाली मजीठिया, सीनियर डिप्टी मेयर रमन बख्शी, प्रदेश कांग्रेस व्यापार सैल के उप-चेयरमैन आशू रवि प्रकाश व अन्य उपस्थित थे।