पदक जीतने वाला अरपिंदर सिंह पहला भारतीय एथलीट

जालन्धर, 10 सितम्बर (जतिंदर साबी) : चैक गणराज्य के ओसतरावा शहर में चल रहे आई.ए.ए.एफ. कांटीनैंटल कप में कूद स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाले एथलीट अरपिंदर सिंह पहले भारतीय एथलीट बन गए। खेल मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढी ने उन्हें मुबारकबाद दी है। उन्होंने आज यहां कहा कि अरपिंदर सिंह की यह ऐतिहासिक उपलब्धि है 1अब तक कोई भी भारतीय एथलीट इसे हासिल नहीं कर सका। आई.ए.ए.एफ. कांटीनैंटल कप में एशिया पैसेफिक टीम द्वारा प्रतिनिधित्व कर रहे अरपिंदर सिंह ने तीहरी छलांग स्पर्धा में 16.59 मीटर छलांग लगाकर कांस्य पदक जीता। उन्होंने कहा कि इस मुकाबले में जीता पदक ओलम्पिक खेल या विश्व एथलैटिकस चैंपियनशिप के पदक से कम नहीं है, क्योंकि इस कप में सभी महाद्दीप से चोटी के एथलीट हिस्सा ले रहे हैं। अरपिंदर सिंह ने बीते दिनों जकार्ता में एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीता था और अब दोबारा फिर अपने खेल का लोहा मनवाने आई.ए.ए.एफ. कांटीनैंटल कप में कांस्य पदक जीत कर इतिहास रचा है। खेल मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढी ने अरपिंदर सिंह के माता-पिता तथा प्रशिक्षक सुखदेव सिंह पन्नूं को भी बधाई देते हुए इस प्राप्ति का श्रेय उनको दिया है। अमृतसर जिले के गांव हर्षा छीना के अरपिंदर सिंह ने 2014 में ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक जीता था।