हाकी इंडिया ने हाल में संन्यास लेने वाले पूर्व कप्तान को बधाई दी

नई दिल्ली, 14 सितम्बर (भाषा) : हाकी इंडिया ने शुक्रवार को हाल में संन्यास लेने वाले सरदार सिंह को उनके शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर के लिये बधाई देते हुए कहा कि वह ‘खेल के सच्चे दूत’ हैं। सरदार ने बुधवार को एशियाई चैम्पियंस ट्राफी और विश्व कप के लिये राष्ट्रीय शिविर के संभावितों की सूची से बाहर किये जाने के बाद अपने 12 साल के करियर को अलविदा कहा।  हाकी इंडिया के अध्यक्ष राजिंदर सिंह ने बयान में कहा, ‘‘सरदार सिंह ने अच्छे और बुरे समय में अपने मजबूत दृढ़संकल्प का नमूना पेश किया। बतौर खिलाड़ी उनकी उपलब्धियां और उनका समर्पण उन्हें खेल का सच्चा दूत बनाता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने अपने प्रदर्शन से और बतौर कप्तान युवाओं की पीढ़ी को प्रेरित किया है। उन्होंने अगुवाई करते हुए 2014 एशियाई खेलों में टीम को शानदार जीत दिलायी। विश्व रैंकिंग में टीम को ऊपर पहुंचाने में उनका अहम योगदान रहा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हाकी इंडिया उन्हें उनकी उपलब्धियों के लिये बधाई और भविष्य के लिये शुभकामनायें देना चाहेगी।’’