चन्द्रबाबू नायडू सहित 15 अन्य नेताओं के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी

विजयवाड़ा, 14 सितम्बर (वार्ता) : महाराष्ट्र में धर्माबाद की एक अदालत ने 2010 में गोदावरी नदी पर बबली परियोजना के काम में बाधा पहुंचाने के एक केस में शुक्रवार को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू, जल संसाधन मंत्री डी उमामहेश्वरा राव, पूर्व सांसद नमा नागेश्वरा राव और  13 अन्य नेताओं के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए। धर्माबाद के प्रथम श्रेणी मजिस्ट्रेट एन आर गजभये ने पुलिस निरीक्षक धर्माबाद को इन सभी को गिरफ्तार कर 21 सितम्बर तक अदालत में पेश करने के आदेश दिए हैं। यह मामला आठ वर्ष पहले का था जब श्री नायडू अविभाजित आंध्रप्रदेश में विपक्ष के नेता थे और वह तेलुगू देशम पार्टी के कई नेताओं के साथ परियोजना स्थल पर गए तथा वहां इस काम में बाधा डाली थी। इस परियोजना से जुड़े अधिकारियों ने धर्माबाद थाने  में सरकारी काम को बाधित करने संबंधी  एक शिकायत दर्ज कराई थी। इस बीच श्री नायडू के पुत्र और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री नारा लोकेश ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री इस मामले में अदालत के समक्ष पेश होंगे।