राजनाथ ने की मुख्यमंत्री खट्टर से बात

नई दिल्ली (वार्ता): केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने हरियाणा के रेवाड़ी में पिछले सप्ताह एक लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बारे में सोमवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से बात की और दोषियों के खिलाफ जल्द सख्त कार्रवाई करने को कहा। श्री सिंह ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। उन्होंने लिखा, रेवाड़ी में दुष्कर्म की घटना के बारे में मैंने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से बात की। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी  ज्ञात हो कि तीन युवकों ने गत बुधवार को इस लड़की को अगवा कर इसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया था। इनमें से एक सेना का जवान है जो उस समय अवकाश पर घर आया हुआ था। लड़की के परिजनों ने भी पुलिस पर लापरवाही बरतने तथा दोषियों के खिलाफ तेजी से कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया था।