एलटीसी पर विमान से २ वर्ष के लिए जम्मू-कश्मीर जा सकते हैं : केन्द्रीय कर्मचारी  

नई दिल्ली, 20 सितम्बर (भाषा): केन्द्र सरकार के कर्मचारी सितम्बर 2020 तक दो और वर्ष के लिए अवकाश यात्रा छूट (एलटीसी) भत्ते का लाभ उठाने के लिए जम्मू-कश्मीर, पूर्वोत्तर और अंडमान निकोबार द्वीप समूह की हवाई यात्रा कर सकते हैं। गुरुवार को जारी एक आधिकारिक आदेश में यह कहा गया। जब कर्मचारी एलटीसी भत्ते का लाभ उठाते हैं तो उन्हें सवैतनिक अवकाश के साथ आने जाने की टिकटों की राशि की भरपाई की जाती है। कार्मिक मंत्रालय द्वारा जारी आदेश में कहा गया कि उन्हें इन स्थानों पर किसी निजी एयरलाइन से यात्रा की भी अनुमति होती है। केन्द्र ने सितम्बर 2014 में एलटीसी नियमों में ढील देते हुए सरकारी कर्मचारियों को पूर्वोत्तर क्षेत्र, जम्मू-कश्मीर और अंडमान निकोबार द्वीप समूह हवाई मार्ग से जाने की अनुमति दी थी। इस ढील को समय समय पर बढ़ाया जा रहा है।