महाराष्ट्र में धूमधाम से हुआ गणेश विसर्जन

मुंबई ,23 सितंबर (वार्ता) मुंबई समेत पूरे महाराष्ट्र में 10 दिन से चल रही गणेश पूजा का रविवार को समापन हो गया और भगवान गणेश की मूर्तियों का विसर्जन पूरे उल्लास और धूमधाम से किया गया। पुणे और मुंबई जैसे प्रमुख शहरों में भगवान गणेश की विशाल मूर्तियों को ढोल-नगाड़ों के साथ सजे-धजे ट्रकों में रखकर विसर्जन के लिए ले जाया गया। मूर्तियों के साथ हजारों श्रद्धालु और ढोल वालों की टोलियां नजर आयीं। पुणे में शीर्ष पांच गणेश मंडलों ने सुबह ही मूर्तियों का विसर्जन कर दिया। इनके  साथ विशाल शोभा यात्राएं निकाली गयीं और खूब गुलाल उड़ाये गये। मुंबई के प्रसिद्ध ‘लाल बाग चा राजा’ की मूर्ति का सुबह ही दादर में समुद्र में विसर्जन कर दिया गया। उनके दर्शन के लिए 10 दिन में लाखों की संख्या में श्रद्धालु उमड़े। मुंबई में मुख्य तौर पर गिरगांव चौपाटी, जुहू बीच, पवई झील और दादर चौपाटी में मूर्तियों का विसर्जन किया जाता है। नासिक में गणेश मंडलों ने विसर्जन के दौरान तेज आवाज वाले म्यूजिक सिस्टम का उपयोग नहीं करने और गुलाल नहीं उड़ाने का निर्णय लिया था। शहर में बहुत सादगी से शोभा यात्राएं निकाली गईं और मूर्तियों का विसर्जन किया गया। विसर्जन का कार्यक्रम मध्यरात्रि तक जारी रहने का अनुमान है।