क्या आप मीठा खाने के शौकीन है?

आजकल अक्सर डॉक्टर आपको मीठा खाने से मना करते हैं, क्योंकि उनके अनुसार सफेद चीनी में ज़ीरो प्रतिशत पोषण होता है व कैलोरी काफी अधिक होती है। जब यह कैलोरी शरीर में जमा होती जाती है तो अनेक बीमारियां होने की संभावना बढ़ जाती है। वैसे भी अधिक वज़न वाले लोगों को तो खास तौर पर चीनी से परहेज करना चाहिए।
 रोजाना खुराक में थोड़ी-सी चीनी आवश्यक रूप से सम्मिलित होनी चाहिए। साथ ही वयस्कों के लिए भी प्रतिदिन 5-6 चम्मच चीनी का सेवन करना आवश्यक है पर चिकित्सकों का मानना है कि यदि चीनी की इस आवश्यक मात्रा को प्राकृतिक रूप से मीठे पदार्थों के रूप में लिया जाए तो यह प्रत्येक मनुष्य की सेहत के लिए काफी बेहतर उपाय है।
अपने मीठा खाने के शौक हेतु व शरीर के लिए ज़रूरी मात्रा में चीनी की पूर्ति आप विभिन्न पदार्थों द्वारा कर सकते हैं।
1 मीठे फल जैसे सेब, केला, आम, चीकू इत्यादि का सेवन करें।
1वैकल्पिक तौर पर आप सूखे मेवे जैसे खजूर, किशमिश, खूबानी इत्यादि भी खा सकते हैं। 
1 यदि आपको फल खाना पसंद नहीं तो आप इन फलों का जूस या शेक बनाकर पी सकते हैं पर ध्यान रहे, अलग से चीनी न मिलाएं।
1 मीठे आलू का सेवन भी आपके मीठा खाने के शौक को पूरा करने का विकल्प है। 
1 कई सब्जियां जैसे गाजर, शकरकंदी, मीठे मटर इत्यादि भी मीठे के तौर पर लिए जा सकते हैं।
1 भुट्टे में भी प्राकृतिक मिठास काफी होती है।
इसके अलावा कभी-कभार आप चॉकलेट का सेवन भी कर सकते हैं लेकिन सप्ताह में एक दो बार चॉकलेट या पेस्ट्री इत्यादि का सेवन ही करें। यदि कभी आपके भोजन में मीठे की मात्रा अधिक हो जाए तो ज़रूरी है कि आप इसे पचाने हेतु कम से कम आधे घंटे तक तेज-तेज कदम उठाते हुए चलें। 
डॉक्टरों का यह भी मानना है कि यदि आप ज्यादा भागदौड़ वाले कार्य करते हैं यानी दिनभर में कम से कम 3-4 घंटे तक काम करते हुए व्यायाम करते हैं जैसे-पैदल चलना, साइकिल चलाना, सीढ़ियां चढ़ना इत्यादि तो आप बिना किसी चिंता या तनाव के चीनी का सेवन कर सकते हैं पर ध्यान रहे अति हर चीज़ की बुरी होती है।। (स्वास्थ्य दर्पण)
- भाषणा बांसल