दुबई : जहाज़ में 9 महीने से फंसे हैं 8 भारतीय नाविक


दुबई, 25 सितम्बर (भाषा): 8 भारतीय नाविक पिछले 9 महीने से बिना पूरे वेतनमान के दुबई में एक जहाज में फंसे हुए हैं। एक मीडिया खबर में मंगलवार को यह जानकारी दी गई। गल्फ न्यूज की खबर के अनुसार, पनामा से रवाना हुआ जहाज पिछले साल नवंबर में दुबई की समुद्रीसीमा में पहुंचा। जहाज में फंसे नाविकों ने बताया कि कंपनी ने उन्हें बिना वेतन तथा बिना भोजन एवं ईंधन के छोड़ दिया है। एमवी टॉपमैन नामक यह जहाज दुबई मैरीटाइम सिटी के 13वीं गोदी में लगा हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, नाविकों ने कहा कि दुबई पहुंचने के बाद उन्हें महज एक ही महीने का वेतन दिया गया है तथा भोजन एवं पेयजल की नाममात्र की आपूर्ति की जा रही है। फंसे नाविकों में से एक ने कहा, ‘हम किसी तरह से जिंदा हैं। हमारा वजन 7-8 किलो कम हुआ है। उधर, हमारे परिवार वाले भी परेशान हो रहे हैं। स्थिति ऐसी हो गयी है कि हम आत्महत्या करने की दहलीज पर हैं।’ उल्लेखनीय है कि नाविकों के पास संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) का वीजा नहीं है इस कारण वे जहाज से उतर नहीं सकते हैं।