मंडियों में धान की फसल की आवक शुरू


खन्ना, 25 सितम्बर (हरजिंदर सिंह लाल/ धीमान/ गोगी): पंजाब में धान की सरकारी खरीद चाहे 1 अक्तूबर से शुरू होगी परंतु पंजाब की मंडियों में धान की अग्रिम फसल की आवक शुरू हो गई है। आज पहले ही दिन एशिया की सबसे बड़ी अनाज मंडी खन्ना में विभिन्न किस्मों की लगभग 450 क्विंटल सामान्य धान मंडी में पहुंच गई है परंतु आज सायं तक इस धान में से एक भी दाना नहीं बिका। मार्किट कमेटी के सूत्रों के अनुसार सरकारी खरीद अभी न होने के कारण और पहुंची धान में नमी की मात्रा ज्यादा होने के कारण भी यह धान नहीं बिकी।
3500 क्विंटल बासमती पहुंची : मंडी खन्ना में अब तक 3500 क्विंटल बासमती पहुंच चुकी है। जो सभी निजी व्यापारियों द्वारा खरीद ली गई है। यह धान सरकार नहीं खरीदती।
धान की फसल को हुए नुक्सान से किसान परेशान
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण कई क्षेत्रों में तो धान की फसल बुरी तरह बर्बाद हो गई है। खेतों में तैयार खड़ी धान की फसल का उत्पादन भी कम निकलने की सम्भावना है। इस दौरान बी.के.यू. राजेवाल के अध्यक्ष बलवीर सिंह राजेवाल व बी.के.यू. लक्खोवाल के महासचिव हरिंदर सिंह लक्खोवाल ने मांग की है कि किसानों के हुए नुक्सान को सरकार पूरा करे।