एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी में मनप्रीत को कप्तानी

नई दिल्ली, 26 सितम्बर (वार्ता) : अर्जुन अवार्ड से सम्मानित हुए मनप्रीत सिंह 18 अक्टूबर से ओमान के मस्कट में होने वाली पांचवीं हीरो एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी हॉकी प्रतियोगिता में 18 सदस्यीय भारतीय टीम की कप्तानी संभालेंगे। हॉकी इंडिया ने इस टूर्नामेंट के लिये बुधवार को 18 सदस्यीय टीम की घोषणा की। भारतीय टीम इस टूर्नामैंट में अपना खिताब बचाने उतरेगी। भारत ने 2016 में मलेशिया के कोंतन में पाकिस्तान को 3-2 से हराकर खिताब जीता था। टीम की उप-कप्तानी चिंगलेनसाना सिंह को सौंपी गई है। भारतीय टीम में अनुभवी गोलकीपर पी आर श्रीजेश शामिल हैं जबकि युवा गोलकीपर कृष्ण बहादुर पाठक को भी टीम में जगह दी गई है। डिफेंस में कोठाजीत सिंह ने टीम में वापसी की है। 20 साल के हार्दिक सिंह सीनियर टीम में अपना पदार्पण करेंगे। हरमनप्रीत सिंह, गुरिंदर सिंह, वरूण कुमार, सुरेंदर सिंह और जरमनप्रीत सिंह भारत की रक्षा पंक्ति को संभालेंगे। नीलकांता और सुमित ने भी टीम में वापसी की है। फारवर्ड लाइन में 23 साल के गुरजंत सिंह की भी वापसी हुई है। आकाशदीप सिंह, मनदीप सिंह और दिलप्रीत सिंह के ऊपर भारत का खिताब बचाने की जिम्मेदारी रहेगी। कोच हरेंद्र सिंह ने कहा, ‘हमारी टीम में युवा और अनुभव का बेहतरीन तालमेल है। भुवनेश्वर में होने वाले विश्वकप से पहले हमारे पास कुछ खिलाड़यिं को आजमाने का यह शानदार मौका है। मुझे यकीन है कि ये खिलाड़ी ओमान में टीम को अच्छा परिणाम देंगे। खिलाड़ियों के लिए यह जरूरी है कि वे अपनी रणनीति पर डटे रहें, अच्छे परिणाम के साथ एशियाई खेलों की बुरी यादों को पीछे छोड़ें और विश्वकप की सही तैयारी करें।’
टीम इस प्रकार है:-
गोलकीपर : पी.आर. श्रीजेश, कृष्ण बहादुर पाठक। डिफैंडर : कोठाजीत सिंह, हरमनप्रीत सिंह, गुरिंदर सिंह, वरुण कुमार, सुरेंदर कुमार, जरमनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह। मिडफील्डर : मनप्रीत सिंह (कप्तान), चिंगलेनसाना सिंह, ललित कुमार उपाध्याय, नीलकांता शर्मा, सुमित। फारवर्ड : गुरजंत सिंह, आकाशदीप सिंह, मनदीप सिंह, दिलप्रीत सिंह।