कोविंद और मोदी ने लता को दी जन्मदिन की बधाई

नई दिल्ली 28 सितम्बर (वार्ता) : राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को स्वर कोकिला लता मंगेशकर को उनके जन्मदिन पर बधाई देते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की है। श्री कोविंद ने सुश्री मंगेशकर को शुभकामनाएं देते हुए कहा, भारत रत्न से नवाजी गयीं लता मंगेशकर को जन्मदिन पर शुभकामनाएं। उनकी दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं। ईश्वर करे कि उनकी मधुर आवाज आने वाले कई वर्षों तक लोगों का मन मोहती रहे। श्री मोदी ने अपने ट््विटर अकाउंट से सुश्री मंगेशकर को शुभकामनाएँ देते हुए कहा, आदरणीय लता दीदी को जन्मदिन की बधाई। आप ने कई दशकों तक अपने असाधारण काम से करोड़ों लोगों के दिलों में जगह बनायी। आप हमेशा देश के विकास के प्रति उत्साहित रहीं। मैं आपके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना करता हूं। स्वर कोकिला आज 89 वर्ष की हो गयीं।