जापान में तूफान का कहर, 51 घायल, हवाई उड़ान व ट्रेनें रद्द

तोक्यो, 30 सितम्बर (एजैंसी) : जापान में रविवार को शक्तिशाली तूफान त्रामी के कहर को देखते हुए तोक्यो सहित कई इलाकों के लिये उड़ानों और ट्रेनों का परिचालन रद्द कर दिया गया। इस बीच अधिकारियों ने तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी है। तूफान त्रामी की जद में समूचा दक्षिण पश्चिम जापान है और इसके चलते दक्षिणी मुख्य द्वीप क्यूशू के मियाजाकी में बाढ़ आ गयी है। राष्ट्रीय प्रसारक ‘एनएचके’ की रिपोर्ट के अनुसार शिकोकू द्वीप के तोकुशिमा शहर में 2,50,000 से अधिक लोगों सहित बड़े भू-भाग में रह रहे लाखों लोगों को वहां से हटाने के आदेश दिये गये हैं। इसके अनुसार दक्षिण जापान में कम से कम 51 लोग घायल हुए हैं। तोक्यो के नरीटा और हानेडा सहित समूचे जापान में प्रमुख हवाई अड्डों से कई उड़ानें रद्द कर दी गयीं। शनिवार को आये तूफान ने दक्षिणी द्वीप ओकिनावा में बिजली के तारों को तहस-नहस कर दिया। तूफान त्रामी के रविवार देर रात तक तोक्यो पहुंचने की संभावना है और सोमवार तक यह उत्तरी जापान पहुंचेगा। तूफान को देखते हुए बुलेट ट्रेनों और अन्य ट्रेनों का परिचालन बंद कर दिया गया।