इंडोनेशिया में भूकंप-सुनामी से अबतक 844 की मौत, मलबों में तलाश जारी

जकार्ता, 02 अक्तूबर - इंडोनेशिया में आए सुनामी से मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। इस भयंकर तबाही ने अबतक 844 लोगों की जान ले ली। विनाशकारी आपदा में जिन लोगों के जीवित बचे होने की उम्मीद है, उन्हें खोजने के लिए अभियान जारी है। इस विनाशकारी आपदा से 3,40,000 की आबादी वाला शहर पालू सर्वाधिक प्रभावित हुआ है। पूरे शहर में तबाही का मंजर है, जगह-जगह शव बिखरे पड़े हैं और तेज गर्मी के बीच राहतकर्मी लोगों के जीवित होने की उम्मीद में भूकंप में ढही इमारतों के मलबे को छान रहे हैं। इस बीच इंडोनेशिया के कानून मंत्रालय ने कहा कि भूकंप और सुनामी के दौरान सुलवेसी इलाके में आए तीन अलग-अलग जेलों में बंद 1,200 कैदी भी भाग गए हैं।