मंडियों में धान की सरकारी खरीद शुरू

खन्ना, 2 अक्तूबर (हरजिन्दर सिंह लाल): पंजाब की मंडियों में धान की सरकारी खरीद शुरू करने के ऐलान के दूसरे दिन आज आम परमल किस्मों के धान की सरकारी खरीद शुरू हो गई। इस मध्य एशिया की सबसे बड़ी अनाज मंडी खन्ना में धान की सरकारी खरीद के काम का उद्घाटन खन्ना के विधायक और आल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सचिव गुरकीरत सिंह ने किया। आज पंजाब की मंडियों में कुल 61 हजार टान धान की विक्री हुई है, जिसमें 53 हज़ार टन धान बासमती धान है। इस तरह पंजाब की मंडियों में आज तक सिर्फ 8 हज़ार टन आम किस्म का धान ही बिका है। पंजाब की मंडियों में 59 हज़ार टन धान निजी व्यपारियों ने खरीदी हैं, जबकि सरकारी खरीद एजेंसियों ने आज सायं तक सिर्फ 2 हज़ार टन धान की खरीद ही की है। इस मध्य एशिया की सबसे बड़ी अनाज मंडी खन्ना में आज सरकारी खरीद एजेंसी पनग्रेन और वेयर हाऊस ने सरकारी समर्थन मूल्य पर धान की खरीद शुरू की। पनग्रेन ने 100 टन और वेयर हाऊस ने 50 टन धान खरीदा। जबकि खन्ना मंडी में निजी खरीदारों द्वारा अब तक 447 टन धान खरीदा जा चुका है। इस अवसर पर अन्यों के अलावा एस.डी.एम. संदीप सिंह, गुरदीप सिंह रसूलड़ा, आढ़ती एसोसिएशन खन्ना के प्रधान संजय घई, मार्किट कमेटी के पूर्व चेयरमैन हरबंस सिंह रोशा, राजपाल सिंह गिल, दर्शन सिंह गिल व अन्य भी उपस्थित थे।