प्रसिद्ध चित्र ‘ग्लो ऑफ होप’ में चित्रित महिला का 102 वर्ष की आयु में निधन

मुंबई, 3 अक्तूबर (भाषा) : प्रसिद्ध चित्र ‘ग्लो ऑफ होप’ में लैंप हाथ में ली हुई युवती जिन्हें ‘वुमन विद द लैंप’ के नाम से भी जाना जाता है, उनका 102 साल की उम्र में महाराष्ट्र के कोल्हापुर में निधन हो गया। आज भी देशभर में आकर्षण का केंद्र बना हुआ वह चित्र लगभग सात दशक पहले 1945-46 में बनाया गया था। परिवार के सूत्रों ने बताया कि गीता उपलेकर का पश्चिमी महाराष्ट्र के कोल्हापुर में उनकी बेटी के घर पर मंगलवार शाम को निधन हो गया। वह कुछ समय से बीमार थीं। दिवंगत भारतीय चित्रकार एस एल हलदणकर द्वारा बनाया गया वह उत्कृष्ट चित्र कर्नाटक के मैसूरू में जगनमोहन पैलेस में जयचामा राजेंद्र आर्ट गैलरी की शोभा बढ़ा रहा है। गैलरी के सबसे कीमती चित्र में से एक होने के साथ ही यह वहां आकर्षण का मुख्य केंद्र है। गीता उपलेकर चित्रकार हलदणकर की तीसरी संतान थी। कृष्णकांत उपलेकर से विवाह के बाद वर्ष 1940 से ही वह कोल्हापुर में रह रही थीं। गीता के भतीजे राजा उपलेकर ने बताया कि मंगलवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया। गीता की दो बेटी और एक बेटा है।