सायना नेहवाल-परूपल्ली 16 दिसम्बर को शादी रचाएंगे

नई दिल्ली, 8 अक्तूबर (वार्ता): विश्व की 11वें नंबर की बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल साथी भारतीय खिलाड़ी परूपल्ली कश्यप के साथ इस वर्ष 16 दिसम्बर को विवाह बंधन में बंधने जा रही हैं। ओलंपिक पदक विजेता सायना ने पुष्टि की है कि वह 16 दिसंबर को कश्यप के साथ विवाह करेंगी। दोनों भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पिछले 10 वर्षाें से एक दूसरे के साथ रिश्ते में हैं लेकिन उन्होंने अपने प्रेम प्रसंग की खबर को काफी गुप्त रखा था। दोनों खिलाड़ी वर्ष 2005 से ही गोपीचंद अकादमी में एक साथ ट्रेनिंग कर रहे थे। 28 साल की सायना ने अपनी शादी की पुष्टि करते हुये कहा कि उनके लिये कश्यप के साथ शादी के बंधन में बंधने का यह सही समय है क्योंकि वह आगामी टूर्नामेंटों में काफी व्यस्त हैं। विश्व में 57वीं रैंक कश्यप और सायना के प्रेम संबंधों की खबरें हाल ही में सार्वजनिक हुई थीं। गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण और एशियाई खेलों में कांस्य जीतने वाले सायना ने बताया कि वह विदेश दौरों के दौरान कश्यप के नजदीक आयीं और 2007 में उन्होंने डेटिंग करना शुरू किया। उन्होंने बताया कि उनके परिजनों को भी पहले से ही कश्यप के साथ उनके रिश्ते का आभास था और वे इस फैसले से खुश हैं।