भारतीय महिला हॉकी टीम ने वानूआतू टो 16-0 से रौंदा


ब्यूनस आयर्स, 10 अक्तूबर (एजैंसी) : भारतीय महिला टीम ने यहां जारी यूथ ओलम्पिक खेलों में वानूआतू टीम के खिलाफ 16-0 से शानदार जीत हासिल की। यह भारतीय महिला टीम की इस टूर्नामेंट में लगातार तीसरी जीत है। इस जीत में मुमताज खान की भूमिका अहम है, क्योंकि उन्होंने वानूआतू के खिलाफ अपनी टीम के लिए चार गोल किए। स्ट्राइकर लालरेमसियामी ने दूसरे ही मिनट में गोल कर भारतीय टीम का खाता खोला। इसके 30 सैकेंड के बाद ही रीत ने भारत के खाते में दूसरा गोल भी डाल दिया। कप्तान सलीमा टेटे ने चार मिनट के भीतर गोल कर भारत का स्कोर वानूआतू के खिलाफ 3-0 कर दिया। बलजीत कौर ने इसके बाद लगातार दो गोल दागे और भारत का स्कोर 5-0 कर दिया। इस मैच में भारतीय टीम के लिए चेतना ने भी अहम भूमिका निभाई। उन्होंने इस मैच में कुल तीन गोल किए। इशिका चौधरी ने भारतीय टीम के लिए गोल दागने के साथ ही उसे वानूआतू के खिलाफ 16-0 से जीत दिलाई।